वैज्ञानिक सोच और नवाचार से बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
संवाददाता :राम तिवारी
साईंखेड़ा। सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में गुरुवार को राज्य स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की उपस्थिति में हुआ। प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण मॉडल प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, तर्कशीलता, प्रयोग करने की क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए विद्यार्थियों में सवाल पूछने और समस्याओं के समाधान खोजने की प्रवृत्ति जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती है। विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों के मॉडल उनके ज्ञान, मेहनत और रचनात्मक सोच को दर्शाते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हैं।

कलेक्टर ने सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया और विद्यालय में संचालित संगीत कक्ष की भी सराहना की। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

