51 मीटर लंबी चुनरी लेकर 35 किमी चली यात्रा, मां बिजासन के दरबार में श्रद्धालुओं ने किया पूजन
संवाददाता :मनोज कुमार पुष्पद
अच्छी बारिश, सुख-शांति और अच्छी फसल की कामना से मितेरा गांव से निकली चौथी चुनरी यात्रा
पड़ाना। क्षेत्र में अच्छी बारिश, सुख-शांति और किसानों की अच्छी पैदावार की कामना को लेकर मितेरा गांव के श्रद्धालुओं ने रविवार को चौथी चुनरी यात्रा निकाली। सुबह 8 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बैंड-बाजे और ढोल-ढमाकों के साथ यात्रा शुरू हुई। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।
मितेरा गांव से प्रारंभ हुई यात्रा करीब 35 किलोमीटर की दूरी तय कर भैंसवा कलाली स्थित मां बिजासन माता मंदिर पहुंची। श्रद्धालुओं ने माता को 51 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर क्षेत्र में अच्छी बारिश, गांव की सुख-समृद्धि और किसानों की अच्छी फसल की कामना की।
40 ट्रैक्टर भी यात्रा में हुए शामिल
चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। करीब 40 ट्रैक्टर भी यात्रा के साथ चल रहे थे। देवेंद्र परमार थाल में सजी चुनरी को सिर पर धारण कर यात्रा में चल रहे थे। आशीष परमार, भोजराज परमार और कमल परमार सहित अन्य श्रद्धालु मितेरा माता का ध्वज लेकर आगे चल रहे थे।
यात्रा कड़वाला, खामखेड़ा, पंथ, नौलाया, पिपलोदा, इस्माइल, साधनखेड़ी, पड़ाना, मऊ, तुकोगंज, गुलावता और पटाडियाडाबी होते हुए मां बिजासन धाम पहुंची।
जगह-जगह हुआ स्वागत
दोपहर करीब 12 बजे यात्रा के पड़ाना पहुंचने पर समाजसेवियों प्रदुम्न परमार, दिनेश परमार, बलदेव सिंह परमार, योगेंद्र परमार, नारायण परमार, रामबाबू परमार, जगदीश दरबार, मोहन परमार सहित अन्य लोगों ने झिरी स्थान के समीप श्रद्धालुओं का स्वागत किया। यात्रियों को स्वल्पाहार कराया गया और पुष्पवर्षा की गई।
मऊ के समीप किसान पेट्रोल पंप पर भी कमल परमार, रितेश परमार, कमल गुर्जर, दिनेश गोस्वामी, हजारी मालवीय, प्रेम लववंशी, विशाल परमार और समंदर सिंह सहित लोगों ने चाय-पानी एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की। यहां चुनरी और ध्वज की पूजा-अर्चना भी की गई।

महिलाओं की रही बड़ी सहभागिता
यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही। महिलाएं धार्मिक गीत गाते हुए यात्रा में आगे बढ़ीं। रास्ते में पड़ने वाले गांवों में भी श्रद्धालुओं का उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
मां बिजासन को ओढ़ाई 51 मीटर चुनरी
शाम करीब 4 बजे 35 किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी करने के बाद मितेरा गांव से निकली चुनरी यात्रा भैंसवा कलाली स्थित मां बिजासन माता के दरबार में पहुंची। लंबी दूरी तय करने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था पूरे रास्ते बरकरार रही। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर माता को 51 मीटर लंबी चुनरी श्रद्धापूर्वक ओढ़ाई गई। महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से माता के जयकारे लगाए और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अच्छी बारिश होने, किसानों की फसलों को पर्याप्त पानी मिलने और इस वर्ष अच्छी पैदावार होने की कामना की।
साथ ही गांव में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहने की प्रार्थना की गई। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आए। यात्रा के समापन पर ग्रामीणों के सहयोग से सामूहिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
यात्रा के समापन पर ग्रामीणों के सहयोग से सामूहिक भोजन भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में सरपंच देवेंद्र परमार, मांगीलाल परमार, एम. सिंह परमार, प्रेम नारायण माथुर, मानसिंह परमार, भगवत सिंह परमार, दिनेश परमार, दीपक परमार, मुकेश, सतीश, संजू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता से संपन्न हुई यह चुनरी यात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में क्षेत्र की खुशहाली और किसानों के लिए अनुकूल मौसम की प्रार्थना की।

