—Advertisement—

पड़ाना में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री गौतम टेटवाल बोले- युवाओं को शहीदों के इतिहास से प्रेरणा लेनी चाहिए

Author Picture
Published On: 12 August 2026
Minister Gautam Tetwal leads a grand Tiranga Yatra in Padana under the Har Ghar Tiranga campaign, with BJP workers, students and local residents carrying the national flag
— Minister Gautam Tetwal leads a grand Tiranga Yatra in Padana under the Har Ghar Tiranga campaign, with BJP workers, students and local residents carrying the national flag

—Advertisement—

पड़ाना में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, मंत्री गौतम टेटवाल बोले- युवाओं को शहीदों के इतिहास से प्रेरणा लेनी चाहिए

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बाइक और पैदल रैली का आयोजन, 23 गांवों के भाजपा कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा

संवाददाता:  मनोज कुमार पुष्पद

पड़ाना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत पड़ाना नगर में भाजपा मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तकनीकी कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गौतम टेटवाल के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर में ‘भारत माता की जय’ और देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई दी। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद किया और देश की एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

आवास कॉलोनी स्कूल से शुरू हुई यात्रा

भाजपा पड़ाना मंडल की तिरंगा यात्रा का प्रारंभ आवास कॉलोनी स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर से हुआ। शुरुआत में बड़ी संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ता तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए। बाइक रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होकर आगे बढ़ी।

इसके बाद विशाल पैदल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा पड़ाना बायपास चौराहा, गांधी चौक, बस स्टैंड, पटेल मोहल्ला, खेड़ापति हनुमान मंदिर मार्ग, तलेन रोड, नाना गोया और सदर बाजार सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी और अंत में गांधी चौक बस स्टैंड स्थित मां आशापुरी मंच पर पहुंचकर संपन्न हुई।

23 गांवों के कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

तिरंगा यात्रा में भाजपा पड़ाना मंडल क्षेत्र के 23 गांवों के बूथ स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी रैली में सहभागिता की।

रैली के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर युवा और कार्यकर्ता देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने रैली का स्वागत किया।

मंत्री गौतम टेटवाल ने बताया तिरंगा यात्रा का उद्देश्य

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के इतिहास से जोड़ना भी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता, देश के गौरव और युवाओं की सहभागिता पर जोर देते हुए युवाओं से सशक्त एवं फिट रहने और देश के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

तिरंगे के महत्व पर दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला बौद्धिक प्रमुख सुशील व्यास ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने तिरंगे के सम्मान और उसके राष्ट्रीय महत्व के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर मिलता है।

बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों का रूप धारण किया

तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और नेताओं का रूप धारण कर रैली में हिस्सा लिया।

कुछ बच्चे भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान व्यक्तित्वों की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों की अनोखी वेशभूषा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल और मजबूत किया।

रानी लक्ष्मीबाई की वेशभूषा में घोड़े पर सवार नजर आने वाली बच्चियों ने वीरांगना की वीरता की याद दिलाई। वहीं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की वेशभूषा में बच्चों ने ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ का नारा लगाकर लोगों में जोश भर दिया।

भगत सिंह की वेशभूषा में नजर आए बच्चों ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए। बच्चों की प्रस्तुतियों और उत्साह ने रैली को खास बना दिया।

मां आशापुरी मंच पर हुआ समापन

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मां आशापुरी मंच पर भारत माता के छायाचित्र का पूजन-वंदन किया गया। अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने आरती कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर लोगों ने भारत माता और तिरंगे के जयघोष किए। साथ ही नगर एवं क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया गया।

विभिन्न स्थानों पर हुआ रैली का स्वागत

तिरंगा यात्रा के दौरान नगर के अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और जनप्रतिनिधियों ने रैली का स्वागत किया। नाना गोया और तलेन रोड सहित कई स्थानों पर लोगों ने रैली में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष शरीफ मंसूरी, आशीर अंसारी, कैलाश बैरागी सहित अन्य नागरिकों ने भी रैली का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता के छायाचित्र की पूजा-वंदना कर तिरंगे के सम्मान में जयघोष किया गया।

पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

तिरंगा यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी एवं पड़ाना चौकी प्रभारी भंवर सिंह भूरिया पुलिस बल के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए।

नगर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि रैली के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में जिला तिरंगा रैली प्रभारी श्रीमती नीलम सक्सेना, रैली प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर, भाजपा मंडल अध्यक्ष शेखर शर्मा, जिला मंत्री मनोहर सिंह परमार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सतीश बेस, पचोर नगर पंचायत अध्यक्ष विकास करोड़िया, सरपंच संघ प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंह पंवार, भाजपा नेता रघुराज राणा, सरपंच गोकुल दुगारिया, मऊ सरपंच रईस मंसूरी, जितेंद्र बना, महेश जाट, सरपंच महेश गुर्जर, नारायण सिंह मालवीय, धर्मेंद्र जाट, महामंत्री कैलाश चौहान, जगदीश राजपूत, लोकेंद्र गुर्जर, ओम परमार, शिवम सोलंकी, प्रदुमन परमार, मुकेश जलोदिया और हरिप्रसाद धनगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठजन मौजूद रहे।

देशभक्ति के रंग में रंगा पड़ाना

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस विशाल तिरंगा यात्रा ने पड़ाना नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगे के साथ निकली बाइक और पैदल रैली, बच्चों की स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित वेशभूषा और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ा दिया।

आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, शहीदों के बलिदान को याद करने, तिरंगे के सम्मान और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp