न्यू दमोह में दो घटनाओं से सनसनी: एक युवक को चाकू मारा, दूसरा गंभीर हालत में मिला
Damoh । देहात थाना क्षेत्र के न्यू दमोह में मंगलवार देर रात हुई दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक चाकू लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरा युवक गंभीर अवस्था में पड़ा मिला। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, आदित्य पिता अनिल नामदेव (20 वर्ष) निवासी क्रिश्चियन कॉलोनी वार्ड-5 को चाकू लगने से घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। वहीं दूसरी घटना में हरिओम पिता बद्री कुसमया (22 वर्ष) निवासी न्यू दमोह, जो बोल नहीं सकता है, गंभीर हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ प्रधान आरक्षक देवेंद्र, रूपेश, साहब लाल और केवल प्रधान भी मौजूद रहे। पुलिस ने घायलों एवं परिजनों से जानकारी लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चाकूबाजी और दूसरे युवक के गंभीर रूप से घायल मिलने के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
संवाददाता सोनू अठया स्वराज वाणी दमोह मध्य प्रदेश
