इंद्रध्वज महामंडल विधान के उपलक्ष्य में 200 जैन श्रद्धालु कुंडलपुर तीर्थ यात्रा के लिए हुए रवाना
ग्वालियर। इंद्रध्वज महामंडल विधान के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में युवा जैन मिलन फोर्ट, दिगंबर वासुपूज्य जैन मंदिर समिति एवं जैन महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को कुंडलपुर तीर्थ के लिए भव्य धार्मिक यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर जैन समाज के लगभग 200 श्रद्धालु दो बसों के माध्यम से जयकारों और धार्मिक उत्साह के साथ कुंडलपुर के लिए रवाना हुए।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना कर मंगल यात्रा की कामना की। पूरे परिसर में “जय जिनेंद्र” और अन्य धार्मिक जयकारों से भक्तिमय वातावरण बन गया। समाज के वरिष्ठजनों ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं सफल तीर्थयात्रा की कामना की।
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि यात्रा को मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीशचंद्र जैन ठेकेदार, मंत्री नेमीचंद्र जैन, सुरेंद्र जैन एवं राजेंद्र जैन ने पंचरंगी जैन ध्वज दिखाकर विधिवत रवाना किया। इस अवसर पर युवा जैन मिलन फोर्ट के अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव देव जैन, कोषाध्यक्ष अक्षत जैन, पंकज जैन एवं गौरव जैन ने अतिथियों का तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु ग्वालियर से कुंडलपुर, कुंडलपुर से वीरागोदय, वीरागोदय से नैनागिरी और वहां से पुनः ग्वालियर लौटेंगे। कुंडलपुर पहुंचने पर श्रद्धालु पर्वत वंदना, भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-अर्चना के साथ महामंडल विधान में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस तीर्थयात्रा का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करना, युवाओं को जैन संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना तथा तीर्थों के महत्व से परिचित कराना है। यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रद्धालुओं ने रवाना होने से पहले भगवान से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन में धार्मिक उल्लास, अनुशासन और सामूहिक एकता का सुंदर वातावरण देखने को मिला, जिससे यह यात्रा समाज के लिए एक प्रेरणादायक आध्यात्मिक आयोजन बन गई।

