किसानों का आक्रोश: मंडी गेट पर लगाया ताला, सड़क पर उतरे अन्नदाता; प्रशासन ने संभाला मोर्चा
Damoh । कृषि उपज मंडी में उपज की बिक्री को लेकर किसानों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। व्यापारियों द्वारा पहले ढेरी तय करने और बाद में खरीद से इनकार करने के आरोपों से नाराज किसानों ने मंडी गेट बंद कर चक्का जाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर के बाहर एकत्रित होकर अपनी समस्या के समाधान की मांग करने लगे।
किसानों का कहना था कि वे खेतों में कड़ी मेहनत कर अपनी उपज मंडी तक लेकर आते हैं, लेकिन यहां व्यापारियों द्वारा पहले बोली या ढेरी तय करने के बाद अचानक खरीद से मना कर दिया जाता है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ समय और मेहनत की भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, मंडी सचिव घनश्याम मुड़ा, पटवारी तिलक राज यादव, नीलेश गर्ग, चौकी प्रभारी विक्रम दांगी सहित पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

अधिकारियों ने किसानों और व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान व्यापारियों एवं रामेश्वर चौधरी की ओर से मंडी सचिव को अपनी बात रखते हुए पत्र भी सौंपा गया। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कर उचित समाधान का आश्वासन दिया।
मंडी अधिकारियों के अनुसार फिलहाल व्यापारियों द्वारा डांक (बोली प्रक्रिया) शुरू नहीं की गई है, जिसके कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने जल्द ही व्यवस्था सुचारू कराने की बात कही है।
किसानों ने कहा कि किसान अपनी फसल को लेकर मंडी पहुंचता है, ऐसे में यदि उसे उचित व्यवस्था और खरीद नहीं मिलेगी तो उसकी परेशानी बढ़ना स्वाभाविक है। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया।
संवाददाता सोनू अठया स्वराज वाणी दमोह मध्य प्रदेश
