अवैध निर्माण पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, स्कीम नंबर 94 में बुलडोजर से हटाया गया नियम विरुद्ध निर्माण
Indore । शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को नगर निगम के रिमूवल दस्ते ने स्कीम नंबर 94 स्थित बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे के पास ईबी सेक्टर में की गई अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।
जानकारी के अनुसार, भवन क्रमांक 303 में प्लॉट पर स्वीकृति के विपरीत बड़ी संख्या में दुकानों का निर्माण किया गया था। भवन निर्माण के दौरान नियमों के अनुसार आवश्यक एमओएस (मार्जिन ओपन स्पेस) भी नहीं छोड़ा गया था। शिकायत और जांच के बाद नगर निगम ने इस निर्माण को अवैध पाया और गुरुवार सुबह कार्रवाई की।

नगर निगम के रिमूवल दस्ते ने दो पोकलैंड मशीनों की सहायता से मौके पर पहुंचकर दुकानों सहित भवन के आगे और पीछे किए गए नियम विरुद्ध निर्माण को हटाया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बनाए रखी गई।
मौके पर नगर निगम जोन क्रमांक 8 के बिल्डिंग ऑफिसर सुनील जादौन, बीआई उद्देश्य तिवारी, बीआई मुख्यालय शैलेंद्र मिश्रा और सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमति या नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य शहर में नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना और अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
