E-Token व्यवस्था समाप्त करने और फसल बीमा राशि की मांग को लेकर किसान कांग्रेस का नागदा में प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग
नागदा। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को किसान कांग्रेस एवं बसंत मालपानी मित्र मंडल के नेतृत्व में नागदा में प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में किसान और युवा प्रदर्शन में शामिल हुए तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम अनुविभागीय अधिकारी रंजना पाटीदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था को समाप्त करने अथवा इसे सरल एवं प्रभावी बनाने तथा वर्ष 2025 में खराब हुई खरीफ फसल की फसल बीमा राशि जल्द जारी करने की मांग की गई।
किसानों को हो रही परेशानियों का उठाया मुद्दा
ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष सुरपाल सिंह भाटी एवं श्रवण सोलंकी ने बताया कि ज्ञापन में किसानों की व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा यूरिया खाद वितरण के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश किसान तकनीकी जानकारी और आवश्यक संसाधनों के अभाव में ई-टोकन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कई किसानों को टोकन प्राप्त करने के लिए बार-बार परेशान होना पड़ता है, वहीं समय पर टोकन नहीं मिलने के कारण उन्हें खेती के महत्वपूर्ण समय में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पाती।
किसान कांग्रेस ने कहा कि खाद की उपलब्धता में देरी का सीधा असर फसलों की वृद्धि और उत्पादन पर पड़ता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
E-Token व्यवस्था को सरल बनाने की मांग
किसान कांग्रेस ने ज्ञापन में मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान ई-टोकन व्यवस्था को तत्काल समाप्त किया जाए। यदि व्यवस्था समाप्त नहीं की जाती है तो इसे इतना सरल बनाया जाए कि प्रत्येक किसान आसानी से खाद प्राप्त कर सके।
इसके साथ ही संगठन ने मांग की कि टोकन जनरेट होने की निर्धारित समय-सीमा को समाप्त किया जाए, ताकि किसानों को आवश्यकता के अनुसार समय पर यूरिया उपलब्ध हो सके और खेती प्रभावित न हो।
फसल बीमा राशि जल्द जारी करने की मांग
ज्ञापन में नागदा-खाचरोद क्षेत्र के किसानों को वर्ष 2025 में खराब हुई खरीफ फसल की बीमा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं और खराब मौसम के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन अभी तक कई किसानों को बीमा राशि नहीं मिल सकी है। उन्होंने सरकार से किसानों को राहत देने के लिए जल्द भुगतान प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
सरकार की नीतियों पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
इस अवसर पर कांग्रेस नेता बसंत मालपानी ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान, युवा, छात्र और व्यापारी सहित विभिन्न वर्ग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि अव्यवहारिक व्यवस्थाओं का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान कांग्रेस जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन का वाचन जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष लखन सिंह ठाकुर ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पप्पूलाल चौधरी, जयराजसिंह पवार, संतोष दास बेरागी, मांगीलाल चौधरी, अंकित सोलंकी, पवन पाटीदार, बहादुर सिंह आंजना, श्याम परमार, कालू परमार, दिनेश चंद्रवंशी, प्रहलाद बोडाना, नाथूलाल महेश्वरी, प्रकाश पप्पू चौधरी, धीरज पाटीदार, गोवर्धन चंद्रवंशी, संजय परमार, दिलीप पाटीदार, गोपीलाल रायकवाल, गोपाल नागर, अनिल जाट, नागेश्वर राठौड़, आजाद नागर, विनोद परमार, नानूराम परमार, विनोद गुर्जर, विनय सिंगगोटिया, लालसिंह गुर्जर, राजेंद्र गुर्जर, लक्ष्मण चौधरी, गोरधन चौहान सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
किसान कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से किसानों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने और खेती से जुड़ी व्यवस्थाओं को सरल बनाने की मांग की।
नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट।
