—Advertisement—

Nagda : आस्था का महासागर बनी राजा जन्मेजय की नगरी, 25 हजार श्रद्धालुओं के साथ ऐतिहासिक रही श्री जगन्नाथ रथयात्रा

Author Picture
Published On: 20 July 2026
Nagda

—Advertisement—

आस्था का महासागर बनी राजा जन्मेजय की नगरी ; 25 हजार श्रद्धालुओं संग इतिहास रच गई श्री जगन्नाथ रथ यात्रा –

नागदा से जीवनलाल जैन की रिपोर्ट

रथ की रस्सी खींचकर श्रद्धालुओं ने पाया पुण्य लाभ, स्वर्ण रथ पर सजीव राधा-कृष्ण झांकी, भगवान भोलेनाथ स्वरूप, हरिनाम संकीर्तन, पुष्पवर्षा और महाप्रसाद ने बनाया अविस्मरणीय,

Nagda । अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावना अमृत संघ इस्कॉन नागदा एवं उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान तथा समस्त नगरवासियों के सहयोग से आयोजित तृतीय वर्ष की भव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा रविवार को ऐतिहासिक, भव्य एवं अभूतपूर्व जनसहभागिता के साथ संपन्न हुई। अनुमानित 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से रथ यात्रा में सहभागिता कर भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई श्री बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के दिव्य दर्शन कर स्वयं को धन्य किया, वहीं लाखों श्रद्धालुओं ने मार्ग में, अपने घरों से, सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

प्रातः शर्मा गली स्थित डॉ. एस.एन. शर्मा निवास पर पांडु विजय उत्सव एवं भगवान की विशेष पूजा-अर्चना के बाद उज्जैन इस्कॉन के कोऑर्डिनेटर धीर गौर प्रभुजी के सान्निध्य में भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं माता सुभद्रा को दिव्य रथ पर विराजित किया गया। कपूर आरती एवं पुष्प अर्पण के पश्चात भव्य वाहन रैली कृषि उपज मंडी पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखध्वनि के साथ रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।

मीडिया प्रभारी निलेश मेहता ने बताया यात्रा में स्वर्ण रथ पर सजीव राधा-कृष्ण झांकी, भगवान श्री जगन्नाथ का दिव्य रथ, भोलेनाथ, खाचरोद के सतीश शर्मा, बंगाली समाज की संकीर्तन मंडली, इस्कॉन के हरे कृष्ण महामंत्र कीर्तन, नासिक ढोल, ढोल-ताशे, बैंड, डीजे, ई-रिक्शा साउंड वाहन एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। बैलगाड़ी भी यात्रा का विशेष आकर्षण रही।

2 16

नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वागत में पलक-पांवड़े बिछा दिए। सैकड़ों स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा, इत्र वर्षा, आरती एवं भोग-प्रसाद अर्पित किया गया। पूरा मार्ग पुष्पों से आच्छादित दिखाई दिया और “पतित पावन जय जगन्नाथ” तथा “हरे कृष्ण-हरे राम” के जयघोष से संपूर्ण नागदा गुंजायमान हो उठा।

रथ यात्रा में किसी ने भगवान के रथ की रस्सी खींचकर सेवा की, किसी ने नृत्य किया, किसी ने हरिनाम संकीर्तन किया, किसी ने प्रसादी वितरण की सेवा निभाई, तो किसी ने स्वागत मंचों पर पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। हजारों श्रद्धालुओं ने अपने घरों की छतों एवं बालकनियों से भगवान के दर्शन किए। अनेक श्रद्धालुओं ने सोशल मीडिया, समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी रथ यात्रा का सीधा आनंद लिया।
रथ यात्रा के दौरान “स्वच्छता भी सेवा है” का संदेश प्रभावी रूप से दिया गया। कचरा संग्रहण वाहन निरंतर यात्रा के साथ चलता रहा तथा मार्ग की स्वच्छता बनाए रखी गई। महाप्रसाद का वितरण पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए डिस्पोजेबल पेपर प्लेटों में किया गया।

3 12

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस प्रशासन, चिकित्सा विभाग, नगर पालिका परिषद, विद्युत विभाग, जल विभाग, स्वच्छता विभाग तथा अन्य प्रशासनिक अमला पूरे समय मुस्तैद रहा। लगभग चार घंटे तक नगर के प्रमुख मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भरे रहे, किंतु पुलिस एवं प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्था के कारण आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रथ यात्रा प्रारंभ होने से लगभग एक घंटे पूर्व हुई हल्की वर्षा को श्रद्धालुओं ने इंद्रदेव का आशीर्वाद माना। मानो देवताओं ने भी भगवान जगन्नाथ के नगर भ्रमण का स्वागत किया हो। वर्षा थमते ही शंखध्वनि के साथ रथ यात्रा प्रारंभ हुई और पूरा नगर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा।

ज्योति श्री गार्डन में यात्रा के समापन पर भगवान श्री जगन्नाथ की दिव्य महाआरती संपन्न हुई। सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित श्री जगन्नाथ पेंटिंग प्रतियोगिता की उत्कृष्ट कृतियों का सम्मान भी किया गया। आदित्य विद्या मंदिर के लगभग 500 विद्यार्थियों ने यात्रा में सहभागिता कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

4 11

रथ यात्रा के समापन अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने भगवान श्री जगन्नाथ की आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सन्मति संतोष गहलोत, क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भेरूसिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत, बबीता रघुवंशी, सामाजिक समरसता मंच के गिरधारी सिंह शेखावत, श्याम परिवार के पंकज नामदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यात्रा में हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, सामाजिक समरसता मंच, विभिन्न व्यापारिक संगठन, महिला मंडल, बंगाली समाज, ब्राह्मण समाज तथा अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
आयोजन समिति के डॉ. एस.एन. शर्मा, डॉ. अनंत शर्मा, राकेश यादव, मुकेश डोडिया, बृजेश शुक्ला, ओमप्रकाश चौहान, निलेश मेहता, यशस्वी चौबे, सूरज शर्मा, अजय गरवाल, रमेश पाल चौधरी, पुरुषोत्तम माखरिया, कमलेश जायसवाल, चेतन नामदेव, शंकर प्रजापत, संध्या शुक्ला, नूपुर शर्मा, विमला चौहान, वर्षा मेहता, माया शर्मा, अर्चना पाल, पूजा चौबे, लता शर्मा सहित समस्त इस्कॉन परिवार ने नगरवासियों, दानदाताओं, जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका परिषद, चिकित्सा विभाग, विद्युत विभाग, जल विभाग, स्वच्छता विभाग, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, सभी स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Capture 421

समिति ने कहा कि नगरवासियों के अपार प्रेम, सहयोग और सेवा भाव ने श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नागदा की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और सनातन परंपरा का ऐतिहासिक महापर्व बना दिया। जानकारी निलेश मेहता ने दी।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp