—Advertisement—

Betul: कलेक्टर डॉ. सोनवणे का औचक निरीक्षण, स्कूल की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी; एई सहित 2 सीएससी को नोटिस

Author Picture
Published On: 17 July 2026
Betul

—Advertisement—

बच्चों से पढ़वाई किताब, शिक्षा की गुणवत्ता पर उठाए सवाल; पेयजल और शौचालय व्यवस्था में लापरवाही मिली

सारनी/घोड़ाडोंगरी (संदीप तायड़े)। Betul कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बंजारी ढाल स्थित प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। स्कूल में शिक्षा की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की कमी देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की तथा जिम्मेदार अधिकारियों और शिक्षकों को व्यवस्थाओं में सुधार के सख्त निर्देश दिए।

कक्षा में पहुंचकर कलेक्टर ने परखी बच्चों की शैक्षणिक क्षमता

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे सीधे कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक क्षमता का परीक्षण किया। बच्चों को पढ़ने में कठिनाई होने पर उन्होंने शिक्षा के स्तर को असंतोषजनक माना।

कलेक्टर ने मौजूद शिक्षकों को फटकार लगाते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के सीखने की क्षमता बढ़ाने के लिए नियमित प्रयास किए जाएं और पढ़ाई के स्तर में सुधार लाया जाए।

पेयजल और शौचालय व्यवस्था में मिली खामियां

कलेक्टर ने स्कूल में छात्र-शिक्षक अनुपात, साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था और पेयजल सुविधा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल के शौचालयों की खराब स्थिति और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई।

बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के संबंधित एई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर सीएससी धीरज यादव और सीएससी अनिल साहू को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

b 4

जननायक गंजन सिंह कोरकू के शहीद स्मारक पहुंचे कलेक्टर

क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे स्वतंत्रता संग्राम के महान जनजातीय नायक गंजन सिंह कोरकू के शहीद स्मारक पहुंचे। उन्होंने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर योद्धा को श्रद्धांजलि दी।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को निर्देश दिए कि शहीद स्मारक का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्मारक स्थल पर एक विस्तृत सूचना पटल लगाने के निर्देश भी दिए, जिसमें गंजन सिंह कोरकू के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके जीवन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित हो, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सके।

ग्रामीणों से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद किया और चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर के सामने रखीं।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की जायज समस्याओं का समय सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में सतर्कता बढ़ी है। जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp