अनूपपुर के दलदल गांव में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी
रिपोर्ट – संभागीय ब्यूरो प्रमुख सुनील रैदास
अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत दलदल गांव में मंगलवार सुबह एक 23 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विशाल सोनकर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बिजुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, विशाल सोमवार रात रोज की तरह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला और काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर विशाल का शव पंखे के हुक से फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि विशाल तीन भाइयों में से एक था और पिछले कुछ समय से वह अक्सर गुमसुम एवं शांत रहता था। हालांकि पूछने पर वह कभी अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं करता था। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
