*अम्बाह में 28 जुलाई को होगा वर्षायोग कलश स्थापना समारोह*
आर्यिकाश्री संगममति माताजी का पावन वर्षायोग
मुरैना/अम्बाह (मनोज जैन नायक) जैन बगीची अम्बाह में 28 जुलाई को वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैनाचार्य श्री सिद्धांतसागरजी महाराज की शिष्या आर्यिका रत्न श्री संगममति माताजी का पावन वर्षायोग अम्बाह नगर में होने की घोषणा से संपूर्ण समाज में हर्ष व्याप्त है ।
चातुर्मास या वर्षायोग चार माह का होता हैं । इस दौरान जैन साधु संत मुनि, आर्यिका और उनका संघ एक ही स्थान पर रहकर साधना करते है।
इस दौरान जैन साधु संत पदयात्रा या विहार नहीं करते हैं और एक ही नगर या मंदिर में रहकर धर्म-प्रसार, ध्यान और स्वाध्याय करते हैं । इस समय वर्षा ऋतु में छोटे जीवों, कीड़े-मकोड़ों और वनस्पतियों की उत्पत्ति अत्यधिक होती है। निरंतर विहार करने से अनजाने में इन जीवों को नुकसान पहुँच सकता है। अहिंसा के व्रत का पालन करने के लिए संत एक ही स्थान पर स्थिर हो जाते हैं ताकि जीव हिंसा न हो ।
यह समय संतों के गहन ध्यान, तपस्या और श्रद्धालुओं को धार्मिक शिक्षा देने के लिए समर्पित होता है ।
वर्षायोग में पूज्य आर्यिका माताजी के ज्ञान, भक्ति और शक्ति से लोग एक अलग तरह की ऊर्जा प्राप्त करेंगे। चार महीने चलने वाले चातुर्मास में विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान किए जाएंगे ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 19 जुलाई को प्रातः 08.00 बजे नगर के प्रवेश द्वार पर माताजी की अगवानी की जाएगी और भव्य शोभा यात्रा के साथ आर्यिका संघ को बड़े जैन मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा । इसी तारतम्य में 28 जुलाई को प्रातः 08.30 बजे जैन बगीची अम्बाह के भव्य एवं विशाल प्रांगण में वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह का आयोजन किया जाएगा ।
आयोजन समिति ने सभी बंधुओं, माता बहिनों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सम्मिलित होने का निवेदन किया है ।
