अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस पर सारंगपुर में 78 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सेवा एवं राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर सारंगपुर में 78 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सारंगपुर (राजगढ़)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला राजगढ़ की सारंगपुर नगर इकाई द्वारा सप्ताहव्यापी सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रमों की शुरुआत 78 पौधों के पौधारोपण के साथ की गई। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सारंगपुर सहित नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया। परिषद के कार्यकर्ताओं ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल छात्र हितों के लिए कार्य करने वाला संगठन नहीं है, बल्कि समाज, पर्यावरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े रचनात्मक कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता है। स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान सेवा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्रहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया तथा पर्यावरण बचाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाग संयोजक तुषार चौहान, जिला सोशल मीडिया प्रमुख दुर्गेश चंद्रवंशी, नगर मंत्री ज्योत्सना कासनिया, महाविद्यालय एवं विद्यालय का स्टाफ, परिषद के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
