बण्डा सिंचाई परियोजना के तहत उल्दन में विस्थापन कार्य जारी, प्रशासन ने संभाली कमान
सागर से महेंद्र राज की रिपोर्ट
सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार बण्डा सिंचाई परियोजना के अंतर्गत ग्राम उल्दन में विस्थापन एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा पूरी संवेदनशीलता और शांतिपूर्ण माहौल में विस्थापन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विस्थापन कार्य के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में राजस्व एवं पुनर्वास विभाग की संयुक्त टीम प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विस्थापन से प्रभावित होने वाले परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने पुनर्वास प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा मौके पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि परियोजना से जुड़े कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि विस्थापन एवं पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित की जा रही है।
