*पसान की माटी में गूंजेगा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय पहलवानों का दम, नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह की पहल पर जमुना में सजेगा कुश्ती का महाकुंभ*
अभिषेक द्विवेदी
पसान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राम अवध सिंह के कुशल नेतृत्व और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते इस वर्ष जमुना की धरा पर एक ऐतिहासिक खेल उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। खेल प्रेमियों की उत्सुकता को देखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा आगामी १७ एवं १८ जुलाई को मेन दुर्गा पंडाल जमुना कालरी में भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। यह आयोजन न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि पूरे अंचल में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अध्यक्ष राम अवध सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय महाकुंभ में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के नामचीन महिला एवं पुरुष पहलवान अपनी कुश्ती कला का जौहर दिखाएंगे। खेल को जीवन का अभिन्न अंग मानने वाले राम अवध सिंह का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं को प्रेरणा मिलती है, बल्कि भारतीय संस्कृति की धरोहर कुश्ती को भी नई पहचान प्राप्त होती है। उनके द्वारा क्षेत्र में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए उठाए गए इस कदम की चहुंओर सराहना हो रही है।
जमुना स्थित मेन दुर्गा पंडाल में आयोजित होने वाले इस दंगल में कुश्ती के बड़े दिग्गज एक ही मंच पर अपने दमखम और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन खेल प्रेमियों के लिए किसी पर्व से कम नहीं है, जहां वे अपने पसंदीदा पहलवानों को दांव-पेच लगाते हुए साक्षात देख सकेंगे। पालिका अध्यक्ष द्वारा की गई इस शानदार पहल ने क्षेत्र के खेल जगत में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है।
नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने क्षेत्र के सभी नागरिकों और खेल प्रेमियों से सपरिवार इस आयोजन में सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहलवानों का उत्साहवर्धन करना हमारा कर्तव्य है और उनकी उपस्थिति इस आयोजन को और भी यादगार बना देगी। यह ऐतिहासिक खेल उत्सव न केवल खिलाड़ियों के लिए एक मंच प्रदान करेगा, बल्कि सामुदायिक एकता और खेल भावना को भी मजबूती प्रदान करेगा। जमुना की पावन धरती पर होने वाले इस भव्य दंगल के साक्षी बनने के लिए पूरा क्षेत्र उत्साहित है।
