HAL तैयार: 5 स्वदेशी LCA Tejas Mk1A लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना को सौंपे जाने के लिए
भारतीय वायुसेना और रक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी खबर सामने आई है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने घोषणा की है कि 5 LCA (लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) Tejas Mk1A लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना को डिलीवर किए जाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस घोषणा से न केवल भारतीय वायुसेना की स्वदेशी लड़ाकू क्षमता को मजबूती मिली है, बल्कि यह देश की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
HAL ने देरी की अटकलें खारिज की
हाल के महीनों में Tejas Mk1A की डिलीवरी में देरी को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही थीं। HAL ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि ये विमान पहले बैच के पांच विमान कॉन्ट्रैक्ट में तय सभी प्रमुख क्षमताओं और विशिष्टताओं के अनुरूप तैयार हैं।
कंपनी ने यह भी कहा कि नौ अतिरिक्त LCA Mk1A विमान पहले ही बनाए जा चुके हैं और उनकी परीक्षण उड़ानें पूरी हो चुकी हैं। अमेरिकी कंपनी जनरल इलेक्ट्रॉनिक (GE) से इंजन प्राप्त होते ही इन विमानों को भी डिलीवरी के लिए तैयार किया जाएगा।
डिलीवरी और सप्लाई की स्थिति
HAL के अनुसार, अब तक GE से पांच इंजन मिल चुके हैं और आगे की सप्लाई डिलीवरी योजनाओं के अनुरूप जारी रहने की उम्मीद है। HAL ने भरोसा दिलाया कि डिजाइन और डेवलपमेंट से जुड़े सभी मुद्दों को तेजी से सुलझाया जा रहा है और भारतीय वायुसेना के साथ निरंतर बातचीत जारी है।
इसके साथ ही HAL ने पुष्टि की कि वह वर्तमान वित्त वर्ष के लिए तय गाइडेंस को पूरा करेगी।
HAL के अन्य रणनीतिक कार्यक्रम
HAL केवल Tejas Mk1A तक सीमित नहीं है। कंपनी कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर तेजी से काम कर रही है:
- इंडियन मल्टी-रोल हेलिकॉप्टर (IMRH)
- Tejas LCA Mk2
- कॉम्बैट एयर टीमिंग सिस्टम (CATS)
HAL के अनुसार, ये सभी कार्यक्रम 2032 के बाद उत्पादन चरण में प्रवेश करेंगे।
2 कॉन्ट्रैक्ट में 180 विमानों का ऑर्डर
भारतीय वायुसेना ने HAL को दो चरणों में कुल 180 LCA Mk1A विमानों का ऑर्डर दिया है।
- पहला चरण (फरवरी 2021): 83 LCA Mk1A विमानों का कॉन्ट्रैक्ट (73 फाइटर + 10 ट्रेनर)।
- दूसरा चरण (सितंबर 2025): 97 अतिरिक्त LCA Mk1A विमानों का फॉलो-ऑन कॉन्ट्रैक्ट (68 फाइटर + 29 ट्विन-सीटर) मूल्यांकन ₹62,370 करोड़।
HAL के अनुसार, इन विमानों की डिलीवरी 2027-28 से शुरू होकर छह वर्षों में पूरी की जाएगी। Mk1A वर्जन में 64% से अधिक स्वदेशी सामग्री शामिल है और इसमें 67 नए सिस्टम/आइटम जोड़े गए हैं।
उत्पादन क्षमता और समयसीमा
HAL की वर्तमान फाइटर एयरक्राफ्ट उत्पादन क्षमता 24 विमान प्रति वर्ष है। इसी दर से 180 Tejas Mk1A विमानों को पूरा करने में लगभग सात साल या उससे अधिक समय लगेगा।
भारतीय वायुसेना को पूरी फ्लीट 2033 के आसपास मिल पाएगी। इसके अलावा, IAF पहले ही 40 LCA Mk1 (IOC/FOC) विमान शामिल कर चुकी है। इसका मतलब है कि LCA श्रेणी के कुल 220 विमान अब तक IAF द्वारा ऑर्डर किए जा चुके हैं।
महत्वपूर्ण मील का पत्थर
HAL ने बताया कि 17 अक्टूबर को नासिक संयंत्र से पहला Tejas Mk1A प्रोटोटाइप सफलतापूर्वक उड़ान भर चुका है। इसे इस कार्यक्रम का एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
इंजन आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद HAL ने डिलीवरी प्रक्रिया पटरी पर है और कंपनी IAF की परिचालन आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए तय समयसीमा में लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
LCA Tejas Mk1A: भारत का नया ‘आसमानी योद्धा’
LCA Tejas Mk1A, भारतीय वायुसेना में शामिल Mk1 का एडवांस और शक्तिशाली संस्करण है। इसे आधुनिक युद्ध की जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। Mk1A में Mk1 की तुलना में 40 से अधिक बड़े तकनीकी और ऑपरेशनल सुधार किए गए हैं।
प्रमुख सुधार और ताकत
AESA रडार
तेजस Mk1A में स्वदेशी Active Electronically Scanned Array (AESA) रडार लगाया गया है। यह रडार एक साथ कई लक्ष्यों को दूर से ट्रैक कर सकता है।
एडवांस इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर (EW) सूट
विमान में जैमर और सेंसर लगे हैं, जो दुश्मन के रडार और मिसाइल सिस्टम को जाम करने में सक्षम हैं।
हवा में ईंधन भरने की क्षमता
Air-to-Air Refueling की सुविधा Mk1A की ऑपरेशनल रेंज और मिशन समय को बढ़ाती है।
लंबी दूरी की मिसाइलें
Mk1A ‘अस्त्र’ जैसी BVR (Beyond Visual Range) मिसाइलों को दागने में सक्षम है।
तकनीकी विशेषताएं
- मल्टी-रोल लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट
- हल्का और फुर्तीला, डॉगफाइट के लिए उपयुक्त
- डेल्टा विंग – बेहतर नियंत्रण और स्थिरता
- फ्लाई-बाय-वायर सिस्टम – उड़ान आसान और सुरक्षित
Mk1A का महत्व
विशेषज्ञों के अनुसार, Mk1A न केवल भारतीय वायुसेना की लड़ाकू क्षमता को मजबूत करता है, बल्कि यह देश की स्वदेशी रक्षा तकनीक और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी है।
Mk1A की तैनाती से वायुसेना को एक ऐसा फाइटर प्लेटफॉर्म मिलेगा जो आधुनिक युद्ध के हर मोर्चे पर सक्षम है।
भारतीय वायुसेना के लिए रणनीतिक महत्व
भारतीय वायुसेना इस समय पुराने मिग सीरीज़ विमानों की जगह लेने और लड़ाकू स्क्वाड्रन की कमी को पूरा करने की चुनौती से जूझ रही है। ऐसे में Tejas Mk1A का समय पर उत्पादन और तैनाती रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।
इसके अलावा, Tejas का सफल उत्पादन भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमता का मजबूत प्रतीक है। यह न केवल वायुसेना की परिचालन जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि विदेशी विमानों जैसे राफेल या F-16 पर निर्भरता को भी कम करता है।
इससे रक्षा आयात में कमी और देश की रणनीतिक स्वायत्तता भी बढ़ती है।
