MP TOP NEWS: CM मोहन यादव उज्जैन में देंगे विकास की सौगात, खंडवा में महाआरती, सागर में बस स्टैंड पर हिंसा
MP Top News Today: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लेकर उज्जैन, खंडवा और सागर तक आज कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। CM डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, वहीं खंडवा में नर्मदा प्राकट्य उत्सव का समापन महाआरती के साथ होगा। दूसरी ओर सागर में बस स्टैंड पर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लाठी-डंडे और बेल्ट का उपयोग किया गया।
CM मोहन यादव उज्जैन में करेंगे कई विकास योजनाओं का उद्घाटन
CM डॉ. मोहन यादव आज (25 जनवरी) को उज्जैन में एक दिन के दौरे पर रहेंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य उज्जैन में विभिन्न क्षेत्रीय विकास योजनाओं को गति देना है। अधिकारियों के अनुसार, CM उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा आगर रोड स्थित अटल परिसर, फाजलपुरा में बनाए गए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। यह आधुनिक और बहुउद्देशीय खेल एवं मनोरंजन सुविधाओं से युक्त परिसर है, जिसे 28 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसके अलावा CM आरडी गार्गी मेडिकल कॉलेज के नए ऑडिटोरियम और कन्वेंशन सेंटर का उद्घाटन करेंगे। यह मेडिकल कॉलेज की रजत जयंती समारोह के तहत आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा है। उज्जैन दौरे के दौरान CM मोहन यादव रत्नाखेड़ी में पाटीदार समाज के प्रांतीय कार्यालय का भूमिपूजन भी करेंगे। वहीं हरि फाटक पुल का चौड़ीकरण भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें इसे दो लेन से चौड़ा कर 6 लेन किया जाएगा।
इसके अलावा CM ग्राम डेंडिया में महालोक होटल और रिसॉर्ट का शुभारंभ करेंगे।
CM आज आनंदोत्सव-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उड़ान कार्यक्रम के तहत मानसिक रूप से अविकसित बच्चों, दृष्टिबाधित बालक और बालिकाओं से मिलकर उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन करेंगे और उन्हें पुरस्कार भी देंगे।
इसके अलावा CM विद्या भारती भवन, उज्जैन में आयोजित निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खंडवा में नर्मदा प्राकट्य उत्सव का समापन, 108 दीपों से महाआरती
खंडवा जिले के ओंकारेश्वर सहित नर्मदा तटवर्ती नगरों में आज जीवनदायिनी मां नर्मदा के प्राकट्य उत्सव का समापन भक्ति-भाव से किया जा रहा है। यह 7 दिवसीय आयोजन आज मुख्य कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। उत्सव के समापन के दिन 25 जनवरी को नर्मदा प्राकट्य उत्सव पर 108 दीपों से महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की जाएगी। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने नर्मदा माता के प्रति अपनी आस्था और विश्वास व्यक्त किया। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान रखा गया है ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
