भारत और साउथ अफ्रीका के बीच आज से 5 मैचों की टी 20 सीरीज शुरू हो रही है। इससे पहले दोनों टीमों ने टेस्ट और वनडे सीरीज खेली थी। इस सीरीज का महत्व बढ़ गया है क्योंकि अगले साल भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में ICC T 20 वर्ल्ड कप भी खेला जाएगा। दोनों टीमें इस सीरीज को जीतकर अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहेंगी।
पहला मैच आज शाम 7 बजे कटक के बाराबती इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
बाराबती स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
पहले टी20 में पिच लाल मिट्टी की होगी, जो तेज गेंदबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन कुल मिलाकर बल्लेबाजी के अनुकूल रहेगी। इस मैदान पर पहली बार 200+ स्कोर देखने को मिल सकता है। टॉस जीतकर गेंदबाजी करना फायदे का सौदा है, लेकिन यदि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 200 रन बना देती है, तो लक्ष्य का पीछा चुनौतीपूर्ण होगा।

बाराबती स्टेडियम में टी20 के आंकड़े
अब तक इस स्टेडियम में 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 मैच हुए, जिनमें भारत को हार मिली। तीसरे मैच में भारत ने श्रीलंका को 93 रनों से हराया। इस मैदान का सबसे बड़ा स्कोर 180 रन है, जबकि सबसे कम 87 रन।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 में भारत और साउथ अफ्रीका 31 बार भिड़ चुके हैं। भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 12 और 1 मैच बेनतीजा रहा। भारत में दोनों टीमों ने 12 बार आमने-सामने खेला, जिसमें भारत ने 5 और साउथ अफ्रीका ने 6 मैच जीते (1 बेनतीजा)।
भारतीय टीम की तैयारी
टी20 के लिए चुना गया भारतीय स्क्वाड अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा तेज़तर्रार बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, जबकि हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे मिडिल ऑर्डर को मजबूत करेंगे।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की वापसी टीम के लिए बड़ी मजबूती है। उनके साथ हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह जिम्मेदारी निभाएंगे। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती विरोधी बल्लेबाज़ों को चुनौती देंगे।
साउथ अफ्रीका की ताकत
अफ्रीकी टीम इस फॉर्मेट में हमेशा आक्रामक खेलती है। एडन माक्रम की कप्तानी में डेविड मिलर, क्विंटन डी कॉक, डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे बल्लेबाज़ मौजूद हैं। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे और केशव महाराज चुनौती पेश करेंगे।
मैच कहां देखें?
भारत बनाम साउथ अफ्रीका टी20 मैच टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स और मोबाइल पर जियो हॉटस्टार पर लाइव देखा जा सकता है। फ्री में देखने के लिए डीडी फ्री डिश कनेक्शन के साथ डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच उपलब्ध रहेगा।
