खजुराहो/मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लगभग 46 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की।
गिरफ्तारी के बाद मीडिया ने जब मंत्री प्रतिमा बागरी से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी, तो उन्होंने असहजता जताई। खजुराहो के महाराजा कन्वेंशन सेंटर से बाहर आते समय पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा, “जबरदस्ती की बात क्यों करते हो?” इसके बाद उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में मंत्री और उनके रिश्तेदार अपराध में संलिप्त पाए जा रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि यह घटनाएं प्रदेश में बढ़ते अपराध का संकेत हैं और मुख्यमंत्री को गृह मंत्री से जवाब मांगना चाहिए कि हालात कब सुधरेंगे।
यह घटना बागरी परिवार के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले मंत्री के जीजा शैलेंद्र सिंह को बांदा, उत्तर प्रदेश में लगभग साढ़े 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था। शैलेंद्र फिलहाल जेल में हैं। पुलिस अब नए मामले में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर कार्रवाई का दायरा बढ़ा रही है।

प्रतिमा बागरी के परिवार पर लगातार तस्करी और मादक पदार्थ से जुड़े मामले उजागर होने से राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। इस मामले ने मंत्री और उनके परिवार के खिलाफ सियासी दबाव और मीडिया की नजर भी बढ़ा दी है।
