भोपाल। उत्तर भारत से बह रही ठंडी हवाओं के चलते मध्यप्रदेश में ठंड फिर तेज हो गई है। ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग सबसे अधिक प्रभावित हैं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं, रीवा 5.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग ने 7 और 8 दिसंबर को ठंड और तेज होने की संभावना जताई है।
शहरों में रात और दिन का तापमान
- भोपाल: न्यूनतम 8.2°C
- ग्वालियर: न्यूनतम 7.5°C
- जबलपुर: न्यूनतम 9.9°C
- इंदौर: न्यूनतम 11°C, अधिकतम 24.8°C
- उज्जैन: न्यूनतम 11.7°C, अधिकतम 26.5°C
- रीवा: न्यूनतम 5.8°C
- पचमढ़ी: न्यूनतम 6.7°C, अधिकतम 23.2°C
प्रदेशभर में रात के तापमान में औसतन 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। दिन के समय भी सर्द हवाओं का असर महसूस किया गया, जिसमें पचमढ़ी, नरसिंहपुर, बैतूल, शिवपुरी और धार में अधिकतम तापमान 23–25°C के बीच रहा।

मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और वर्षा की संभावना है। इन क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुँच रही हैं। दिसंबर और जनवरी में प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड रहती है और ये महीना सबसे अधिक सर्द हवाओं के प्रवेश का समय है।
नवंबर में भी बने रिकॉर्ड
भोपाल में नवंबर में लगातार 15 दिन शीतलहर का असर रहा, जो साल 1931 के बाद सबसे लंबा दौर माना गया। 17 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 5.2°C दर्ज किया गया, जबकि इंदौर में न्यूनतम तापमान 6.4°C था, जो पिछले 25 वर्षों में सबसे ठंडी रात थी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार, नवंबर के अंत में हवाओं की दिशा बदलने से थोड़ी राहत मिली।
