छतरपुर, मध्य प्रदेश: छतरपुर के शांति मैरिज हाउस में आयोजित एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे और तनाव का केंद्र बन गया, जब जयमाला की रस्म संपन्न होने के बाद दूल्हा गौरव अचानक मंडप से गायब हो गया।
घटना के मुताबिक, टीकमगढ़ जिले के पलेरा से आई दुल्हन नीतू की शादी छतरपुर के देरी रोड निवासी गौरव से होनी थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और जयमाला भी संपन्न हो चुकी थी। लेकिन जयमाला के तुरंत बाद, दूल्हे के पिता ने 10 लाख रुपये और जेवरात की अतिरिक्त मांग रख दी।
दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हा फरार
दुल्हन पक्ष ने बताया कि शादी की तैयारियों में पहले ही करीब 11 लाख रुपये खर्च हो चुके थे। अचानक हुई यह नई मांग पूरी करना उनके लिए संभव नहीं था। बातचीत और मिन्नतों के बावजूद दूल्हे के पिता अपनी जिद पर अड़े रहे। इसी बीच मौका देखकर दूल्हा गौरव मंडप से चुपचाप गायब हो गया।

काफी देर तक दूल्हा वापस नहीं आया तो बारात भी वापस चली गई, और दुल्हन व उसके परिवार में हड़कंप मच गया।
हाईवे पर लगाया चक्का जाम
बेटी की शादी टूटने और लाखों रुपये खर्च होने से नाराज दुल्हन पक्ष ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। परिवार और रिश्तेदार सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी करने लगे और दूल्हा पक्ष के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत किया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। दुल्हन पक्ष की शिकायत के आधार पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है और दूल्हा गौरव तथा उसके परिवार की तलाश जारी है।
