लखनऊ: संसद का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू हो गया है, और इसी बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने चुनाव और लोकतंत्र को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी ड्रामा नहीं करता, बल्कि उसका काम उन लोगों को रोकना है जो घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं करते।
अखिलेश ने जोर देकर कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि सभी मतदाताओं के वोट सुरक्षित रहें, और यह काम हमारी पार्टी लगातार कर रही है ताकि किसी का वोट कट न पाए।
“कुछ बूथों पर वोट काटने की रणनीति दिखाई दे रही है”
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भाजपा की रणनीति यह है कि विपक्ष जिन बूथों पर जीतता है, वहां ज्यादा से ज्यादा वोट काटे जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत रहेगा जब वोटिंग प्रक्रिया निष्पक्ष हो और PDA समाज को मजबूती दे।

उन्होंने याद दिलाया कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा देश की आजादी के बाद हमें वोट डालने का अधिकार मिला, और इसे सुरक्षित रखना लोकतंत्र की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है।
“वोट कटने से मतदाता का सपना अधूरा रह जाएगा”
अखिलेश ने आगे कहा कि भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर बेचैनी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “जब हमारा वोट डालने का अधिकार निष्पक्ष रहेगा और किसी का वोट नहीं कटेगा, तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। अगर किसी मतदाता का वोट कट गया, तो उसका सपना अधूरा रह जाएगा।”

उनका कहना था कि मतदाता का अधिकार ही उसका सबसे बड़ा अधिकार है। कोई यदि नाराज है तो विरोधी पक्ष में वोट डालता है, और जो पक्ष पसंद है, उसके पक्ष में। वोटिंग का अधिकार सुरक्षित होना ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
