मध्य प्रदेश के धार जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और कर्ज माफी जैसी मांगों को लेकर किसानों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार तड़के करीब 4 बजे हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ खलघाट स्थित आगरा–बॉम्बे (AB) रोड पर जुटे और ‘महाचक्काजाम’ कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से पूरे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया।
प्रदर्शन पहले से तय था, लेकिन सुबह-सुबह बड़ी संख्या में किसानों के सड़क पर उतरने से प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। प्रदर्शनकारी किसान लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और अपनी मांगों पर तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
स्कूलों में छुट्टी की घोषणा :

किसानों के उग्र प्रदर्शन और चक्काजाम को देखते हुए जिले में एहतियातन कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और यातायात अव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस पर किसानों के आरोप :
प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कई किसानों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उन्हें रास्ते में रोककर प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोका जा रहा है। किसानों और पुलिस के बीच कुछ स्थानों पर तनाव भी देखने को मिला, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।

आंदोलन जारी रहने के संकेत :
किसान संगठनों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर स्पष्ट और ठोस आश्वासन नहीं देती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और किसानों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
