रायसेन। सोमवार सुबह नगर बरेली से पिपरिया मार्ग पर ग्राम नयागांव के पास स्थित एक पुराना पुल अचानक टूट गया। पुल का बीच का हिस्सा नदी में जा गिरा, जिससे बाइक और स्कूटी पर सवार चार लोग अपने वाहन सहित नदी में गिर गए। सभी चार गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया।
पुल के नीचे चल रहा था मरम्मत का काम

जानकारी के अनुसार, पुल के नीचे कुछ दिनों से मरम्मत का काम चल रहा था। घटना से कुछ समय पहले ही मजदूर पुल के नीचे से बाहर निकल चुके थे, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। इससे पहले ग्रामीणों ने घायल लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बस बाल-बाल बची

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल जर्जर स्थिति में था और इसकी मरम्मत समय पर नहीं हुई। घटना के कुछ मिनट बाद ही इस मार्ग से बस गुजरने वाली थी, जो पुल से करीब 300-400 मीटर दूर थी। अगर बस पुल पर होती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। यह घटना पुल की सुरक्षा और मरम्मत के महत्व को दोबारा उजागर करती है।
