दिल्ली: लव जिहाद देश में एक संवेदनशील और विवादास्पद मुद्दा बना हुआ है। इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में लव जिहाद से प्रभावित महिलाओं से मुलाकात की और उनकी आपबीती सुनी। उन्होंने महिलाओं को हर संभव सुरक्षा देने का आश्वासन दिया और कहा कि प्रेम विवाह स्वीकार्य है, लेकिन इसकी आड़ में जबरन या छलपूर्वक धर्म परिवर्तन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में भावुक CM
विश्व हिंदू परिषद और आर्ष विद्या समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता भावुक हो उठीं। उन्होंने कहा कि मासूम लड़कियों को झूठे प्रेमजाल में फंसाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराना और उनका अपमान करना भारत कभी स्वीकार नहीं कर सकता।
महिलाओं के साहस की सराहना
सीएम ने कहा कि पीड़ित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा कर इस घिनौनी साजिश की परतों को उजागर किया है। उन्होंने इन महिलाओं के साहस, हिम्मत और समाज के अन्य महिलाओं को बचाने के प्रयासों की तारीफ की।

कांग्रेस सरकार पर निशाना
सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौर में ऐसे अपराधियों को खुली छूट मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे षड्यंत्रकारी तत्व कानून के अनुसार सजा पाएंगे।
अभिभावकों और समाज को संदेश
सीएम ने परिवारों से कहा कि बेटियों के साथ संवाद और भरोसा बढ़ाना आवश्यक है ताकि वे बिना डर अपनी बात साझा कर सकें। साथ ही समाज से अपील की कि वह सुरक्षित वातावरण बनाने की जिम्मेदारी निभाए।
आयोजकों का आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम समाज को आईना दिखाते हैं और बदलाव की दिशा तय करने में मदद करते हैं। उन्होंने दिल्ली को सुरक्षित और संवेदनशील राजधानी बनाने के लिए सरकार, समाज और परिवार से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
