जबलपुर: मेकअप, सूट-बूट और काला चश्मा पहनकर सफर कर रही एक युवती असल में ड्रग सप्लाई रैकेट का हिस्सा निकली। जबलपुर GRP पुलिस ने 23 वर्षीय सदर गोरा बाजार निवासी शिवानी खिचरे और एक नाबालिग को रायपुर से लौटते समय गिरफ्तार किया। उनके ट्रॉली बैग से लगभग छह किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब सवा लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, शिवानी महंगे शौक और लाइफस्टाइल की वजह से आर्थिक दबाव में थी और पहले एक अस्पताल में काम करती थी, जहां उसे सिर्फ 8,000 रुपए मासिक मिलते थे। पैसों की कमी और जल्द कमाई की चाह ने उसे ड्रग्स तस्करी के रास्ते पर ला खड़ा किया। वह नियमित रूप से रायपुर जाकर गांजा खरीदती और उसे ट्रॉली बैग में छिपाकर जबलपुर लाती थी।

GRP थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि शिवानी के साथ एक नाबालिग भी थी, जिसे पैसों के लालच में इस अवैध काम में शामिल किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शिवानी किस गिरोह के लिए काम करती थी और उसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में होती थी।
