मध्यप्रदेश | रायसेन में 6 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी और शॉर्ट एनकाउंटर
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी सलमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ₹30 हजार के इनाम वाला यह आरोपी भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र में एक चाय की दुकान के पास गुरुवार देर रात पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को तुरंत पहचानकर पुलिस को सूचना दी। भोपाल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सलमान को गिरफ्तार कर रायसेन पुलिस के सुपुर्द किया।

रायसेन पुलिस आरोपी को गौहरगंज ले जा रही थी, तभी भोजपुर थाना क्षेत्र के कीरत नगर गांव के पास रास्ते में पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। टायर बदलते समय सलमान ने हथकड़ी होने के बावजूद भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए सलमान को पैर में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
यह घटना 21 नवंबर की है, जब 6 साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोपी सलमान ने चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को जंगल की ओर ले जाकर दुष्कर्म किया था और फरार हो गया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी, जो अब सफल हो गया है।
