नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि पार्टी और विशेषकर राहुल गांधी की टीम विदेशी सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से देश की छवि को खराब करने की साजिश रच रही है। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 2014 से कांग्रेस की टीम, सोशल मीडिया टीम, एडवाइजरी कमेटी और लेफ्ट के जाने-माने चेहरे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतवर्ष को अपमानित करने में पीछे नहीं रहे।
संबित पात्रा ने बताया कि X (पूर्व ट्विटर) में हाल ही में नया फीचर आया है, जिससे किसी भी अकाउंट की लोकेशन और देश की जानकारी पता की जा सकती है। उन्होंने इसे उदाहरण बताते हुए कहा कि कांग्रेस विदेशी अकाउंट्स का इस्तेमाल कर भारत के खिलाफ नैरेटिव बनाने में जुटी है।

भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी केवल विदेश में जाकर देश के खिलाफ बयान नहीं देते, बल्कि अलग-अलग देशों में बैठे उनके सहयोगी भारत में नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रहे हैं। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस ने ‘वोट चोरी’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे मुद्दों पर पीएम मोदी और भारतीय सेना को निशाना बनाने वाले संदेश फैलाए।
उन्होंने आगे कहा कि विदेश से संचालन किए जाने वाले अकाउंट्स के जरिए देश के खिलाफ माहौल तैयार किया जा रहा है और यह सीधे तौर पर भारत की संप्रभुता और सम्मान के लिए खतरा है। भाजपा ने कांग्रेस से इस पर जवाब मांगा है और चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों पर नज़र रखी जाएगी।
