भोपाल। हिंदू उत्सव समिति एवं संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बैरागढ़ क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची के साथ हुए कथित दुष्कर्म के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी में देरी पर प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया है।
तिवारी ने कहा कि यदि आगामी 5 दिनों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो पूरे भोपाल बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“अब हिंदू समाज ऐसी घिनौनी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। अगर पुलिस-प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो हम सड़कों पर उतरकर भोपाल बंद करवाएंगे।”
घटना के बाद बैरागढ़ क्षेत्र में तनाव बढ़ा :
हाल ही में बैरागढ़ थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की शिकायत दर्ज हुई थी, जिसमें आरोपी का नाम सलमान बताया गया है। वारदात के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और कई हिंदू संगठनों ने घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि इस तरह की दरिंदगी समाज के लिए असहनीय है।
उन्होंने चेतावनी दी,
“अगर आरोपी 5 दिन के भीतर जेल के अंदर नहीं होता, तो हम पूरे शहर की जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। भोपाल बंद करवाना हमारा हक है।”

पुलिस की कार्रवाई :
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है, हालांकि अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
स्थानीय संगठनों का मानना है कि प्रशासनिक ढिलाई लोगों में असंतोष बढ़ा रही है और यदि समय-सीमा में कार्रवाई नहीं होती, तो आगामी दिनों में स्थितियाँ और तनावपूर्ण हो सकती हैं।
