सीहोर: सीहोर स्थित VIT इंस्टीट्यूट कैंपस में बुधवार रात छात्रों और प्रशासन के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। छात्रों ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में खराब खाने और दूषित पानी की वजह से कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। सूत्रों के मुताबिक तीन छात्रों की मौत की भी गंभीर सूचना सामने आई है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
छात्रों ने बताया कि शिकायत करने पर उन्हें धमकाया गया और विरोध करने वालों के साथ मारपीट की घटनाएं हुईं। रात के दौरान आक्रोशित छात्रों ने हॉस्टल ब्लॉक और प्रशासनिक विंग के बाहर जमकर हंगामा किया और परिसर के कुछ हिस्सों में आग लगा दी। एक बस में भी आग लगाई गई। छात्रों में पीलिया जैसे लक्षण भी पाए गए हैं और प्रभावित छात्रों की संख्या लगभग दो दर्जन बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर इस हंगामे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

घटना के बाद इंदौर-भोपाल हाईवे के पास यूनिवर्सिटी में तनावपूर्ण माहौल बन गया। ABVP कार्यकर्ताओं के मौके पर आने की भी जानकारी मिली। हालांकि रातभर VIT प्रबंधन और प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया।
इस गंभीर घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों के प्रतिनिधियों से चर्चा की और कहा कि लंबे समय से पानी और खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आई थीं। छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश की घोषणा की।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आष्टा, एसडीओपी आष्टा और आसपास के थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छात्रों की समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया। वर्तमान में कॉलेज और हॉस्टल परिसर की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
