इंदौर: मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।
सवा 200 से अधिक शिकायतें, कई का तत्काल निपटारा :
आज की जनसुनवाई में लगभग सवा 200 आवेदकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव थी, उन्हें उसी समय हल किया गया। अन्य मामलों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि लंबित प्रकरणों की हर सप्ताह समीक्षा की जाएगी, ताकि कोई आवेदन अनावश्यक रूप से रुके नहीं।

स्कूल भवन कब्जा, ग्रेच्युटी और आर्थिक सहायता जैसी गंभीर शिकायतें :
जनसुनवाई में विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं।
- लोहा मंडी के व्यापारी परमार्थिक ट्रस्ट द्वारा संचालित हायर सेकेंडरी स्कूल के संचालकों ने स्कूल भवन के अवैध कब्जे की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
- पूर्व प्राचार्य प्रतिभा शुक्ला के पुत्र ने उनकी मां की ग्रेच्युटी और लंबित वेतन की शिकायत की। जिला शिक्षा अधिकारी को 7 दिनों में राशि जारी करने के निर्देश दिए गए।
- छोटा बागड़दा की एक महिला को जीविकोपार्जन हेतु आर्थिक सहायता देने के लिए रेडक्रॉस से 25 हजार रुपये स्वीकृत किए गए।
- सुख शांति नगर की वृद्धा कस्तूरीबाई के मामले को मध्यस्थता केंद्र भेजा गया, जबकि एक अन्य महिला को तत्काल 15 हजार रुपये की सहायता दी गई।
- खत्री खेड़ी गांव के एक बालक के किडनी इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक सहायता और व्यवस्था करने के निर्देश मिले।
अधिकारियों की उपस्थिति में त्वरित समाधान :
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रिंकेश वैश्य सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।
