अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर में ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह आज सम्पन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्धारित शुभ मुहूर्त में मुख्य शिखर पर केसरिया धर्मध्वज फहराया। पीएम मोदी ने बटन दबाते ही झंडा धीरे-धीरे ऊपर चढ़ता हुआ देखा और इस पवित्र क्षण में भावुक नजर आए।
साधु-संत और श्रद्धालु भी भावुक

ध्वजारोहण के समय सामने की कतार में बैठे साधु-संत भी भावनाओं को रोक नहीं पाए और अपने आंसू पोछते नजर आए। इस समारोह में देश-दुनिया से करीब आठ हजार आमंत्रित लोग शामिल हुए। मंदिर परिसर से लेकर सरयू तट तक दीप, पुष्प और रंगोलियों से सजावट की गई थी, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

धर्मध्वज फहराने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञकुंडों की आहुति के बीच व्यापक पूजन-अर्चना संपन्न हुई। पीएम मोदी ने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को सनातन परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक स्वाभिमान का संदेश दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, धर्मगुरु, व्यापार जगत के प्रमुख और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
