इंदौर: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बीआरटीएस कॉरिडोर हटाने का काम तेज गति से चल रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगमायुक्त दिलीप यादव ने देर रात जीपीओ से शिवाजी वाटिका चौराहे तक चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्य कर रही एजेंसी को निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को असुविधा न हो और यातायात बाधित न हो।

महापौर ने कहा,
“शहरवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। काम की मौजूदा रफ्तार संतोषजनक है, लेकिन इसे और तेज करने की जरूरत है ताकि जनता जल्द इसका लाभ उठा सके।” इस मौके पर अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
महापौर ने बताया कि अगले एक महीने के भीतर कॉरिडोर के एक तरफ के डिवाइडर पूरी तरह हटा दिए जाएंगे , और इसके बाद बाकी कार्य भी तेज गति से पूरे कर शहर को निर्बाध यातायात की सुविधा प्रदान की जाएगी।
निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि परियोजना के पूरा होने के बाद इंदौर में ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार आए और नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
