ग्वालियर: झांसी नेशनल हाईवे 44 पर जौरासी घाटी के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 3 मजदूरों की मौत हो गई और 1 गंभीर रूप से घायल हुआ। ये मजदूर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से टावर लगाने के काम पर ग्वालियर आए थे। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम मजदूर सिकरोदा चौराहे की तरफ ट्रैक्टर ट्रॉली में टावर लगाने के लिए जा रहे थे। ट्रॉली में 5 मजदूर और मटेरियल सवार था। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली ढलान पर पलट गई , जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर दुर्गेश सरकार, अलकाश शेख और मुस्तकीम आलम की मौके पर ही मौत हो गई। एक मजदूर मासूम शेख गंभीर रूप से घायल हुआ। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत बिलौआ थाना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल मजदूर को ग्वालियर ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस भेजे गए हैं।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रॉली और मटेरियल हटाकर जाम को समाप्त किया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश जारी है।
