बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद नई सरकार के गठन की होने जा रहा है। बता दे की नीतीश कुमार दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनकी नई कैबिनेट में बीजेपी कोटे से दो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे, जो पहले भी इस पद पर रह चुके हैं।
नए मंत्रिमंडल का स्वरूप
नीतीश सरकार में मंत्री बनने वाले सभी नेताओं की सूची तय हो चुकी है। नई कैबिनेट में बीजेपी के 14, जेडीयू के 7, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के एक-एक तथा लोक जनशक्ति पार्टी के दो नेता शामिल होंगे। कुल 25 संभावित मंत्री सीएम के साथ शपथ लेंगे।

पार्टी कोटे से चुने गए मंत्री
एचएएम से जीतनराम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन और आरएलएम से उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश मंत्री पद की शपथ लेंगे। एलजेपी के दो नेताओं को भी मंत्रिपद मिलने जा रहा है, जबकि बीजेपी और जेडीयू के अपने-अपने बड़े कोटे से कई नए और पुराने चेहरों को मौका मिलेगा।
शपथ समारोह में पीएम मोदी और दिग्गजों की मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधी मैदान पहुंच चुके हैं। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार समेत कई दिग्गज नेता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हैं।
चिराग पासवान और अन्य नेताओं का आगमन
चिराग पासवान अपनी मां के साथ गांधी मैदान पहुंच चुके हैं, जबकि बीजेपी विधायक दल के उपनेता विजय कुमार सिन्हा भी समारोह में मौजूद हैं और वे एक बार फिर डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने की तैयारी में हैं। संभावित मंत्रियों और नेताओं का मैदान में पहुंचना लगातार जारी है।
निशांत कुमार का बयान
सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने एनडीए के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उम्मीद से कहीं ज्यादा समर्थन दिया है। उन्होंने इस जीत को बीस वर्षों की मेहनत और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा डेढ़ साल में किए गए कार्यों का संयुक्त परिणाम बताया।
लोजपा का वक्तव्य
लोजपा के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी के दो विधायक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और एनडीए को विशाल जनादेश देने के लिए वे बिहार की जनता के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि गांधी मैदान से उनकी पार्टी जनता की सेवा का नया संकल्प लेगी।
नीतीश की अमित शाह से मुलाकात और अंतिम तैयारियाँ

शपथ से पहले नीतीश कुमार पटना के मौर्य होटल पहुंचे, जहां उन्होंने अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद वे गांधी मैदान के लिए रवाना होंगे। नीतीश कुमार के साथ 25 संभावित मंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। सूची के अनुसार बीजेपी के दो डिप्टी सीएम और 12 मंत्री, जेडीयू के सात, एलजेपी के दो और एचएएम व आरएमएल के एक-एक नेता नई सरकार में शामिल होंगे।
