जबलपुर। जबलपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में लापरवाही होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत दो BLO और एक पटवारी को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित कर्मचारियों में कैंट विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 150 के BLO संदीप नंदा, उत्तर विधानसभा के मतदान केंद्र क्रमांक 133 के BLO और वनरक्षक मोनू भारती तथा शाहपुरा तहसील के पटवारी आशुतोष चतुर्वेदी शामिल हैं। संदीप नंदा और मोनू भारती को पहले भी लापरवाही के लिए नोटिस दिए जा चुके थे, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए। पटवारी आशुतोष चतुर्वेदी को BLO को आवश्यक सहयोग न देने के कारण निलंबित किया गया है।

जबलपुर में SIR में लापरवाही पर निलंबन
निलंबन अवधि के दौरान संदीप नंदा को निर्वाचन कार्यालय कैंट और मोनू भारती को निर्वाचन कार्यालय उत्तर से संबद्ध किया गया है, जबकि पटवारी आशुतोष चतुर्वेदी का मुख्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन और अन्य कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर एक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) और आठ BLO सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस प्राप्त कर्मचारियों में जानकी उइके, पुलकित त्रिवेदी, कैलाश उर्वेती, दीपक झारिया, अंकित विश्वकर्मा, जय विश्वकर्मा, राजकुमार मेहरा, सुरेंद्र बर्मन और आशुतोष गौतम शामिल हैं।
जवाब असंतोषजनक होने पर वैधानिक कार्रवाई का निर्देश
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति परस्ते ने सभी नोटिस प्राप्त कर्मचारियों को 19 नवंबर दोपहर 12 बजे तक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। यदि जवाब असंतोषजनक पाया गया तो आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह कदम मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि SIR प्रक्रिया प्रभावी और निष्पक्ष ढंग से पूरी की जा सके और मतदाता डेटा की शुद्धता बनी रहे।
