इंदौर : इंदौर के परदेशीपुरा इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। वहां के 22 वर्षीय अभिषेक प्रजापत ने 14 नवंबर को मानसिक दबाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि उसकी प्रेमिका खुशी लगातार उसे धमकियां देती थी और आत्महत्या करने की बात कहकर अभिषेक को ब्लैकमेल करती थी।
घटना के दो दिन बाद सामने आए एक वीडियो कॉल में खुशी अभिषेक को धमकाते हुए दिखाई दी, जिसमें वह फंदा गले में डालकर और तलवार अपने गले पर रखकर कहती है,“मुझे छोड़ा तो मैं जान दे दूंगी।” अभिषेक उस दौरान वीडियो पर उसे शांत करने की कोशिश करता दिखा।
ख़ुशी के परिवार ने दर्ज की थी शिकायतें
परिवार का कहना है कि खुशी और उसके परिजनों ने अभिषेक को मानसिक रूप से इतना दबाव में ला दिया कि उसने आत्महत्या कर ली। पिता रामहित प्रजापत का आरोप है कि खुशी के परिवार ने पहले भी अभिषेक की पिटाई की थी और झूठी शिकायतें देकर उसे पुलिस थाने में बंद करवाया था। पुलिसकर्मियों ने उसे लड़की से दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी थी।
14 नवंबर की शाम अभिषेक की छोटी बहन ने उसे फंदे से लटका देखा और परिवार के बाकी सदस्यों को बुलाया। साउंड सिस्टम का काम करने वाला अभिषेक अपने परिवार की आर्थिक मदद करता था। अब परिवार का कहना है कि खुशी और उसके रिश्तेदारों की वजह से ही उन्होंने अपने बेटे को खो दिया।
परिवार ने लगाया आरोप मानसिक दबाव क वजह से अभिषेक ने लगाई फांसी
पुलिस ने अभिषेक का मोबाइल जब्त कर कॉल रिकॉर्ड, चैट और वीडियो कॉल की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि अभिषेक आत्महत्या से कुछ समय पहले तक खुशी से बात कर रहा था। परिवार ने आरोप लगाया है कि उसकी मौत का कारण वही मानसिक दबाव और धमकियां थीं जो उसे लंबे समय से मिल रही थीं।
