सोमवार शाम लाल किले के पास हुए भयानक धमाके के बाद राजधानी दिल्ली में सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया है। लाल किला मेट्रो स्टेशन Red Fort Metro Station पर जो बीते दिनों खुनी ब्लास्ट हुआ था उसके बाद से ही इस स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है । अधिकारियों ने बताया कि यह कदम सुरक्षा कारणों को देखते हुए लिया गया है ।
धमाके की घटना और मौतों का आंकड़ा :
सोमवार शाम करीब 6:52 बजे, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास ह्यूंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां और इमारते प्रभावित हुई । वहां मौजूद लोगो ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद आग की लपटें उठीं और धुआं चारों ओर फैल गया।
इस भीषण हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल (LNJP Hospital) में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

सुरक्षा कारणों से मेट्रो स्टेशन बंद :
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन DMRC ने बताया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। DMRC के अधिकारियों के अनुसार, यह एहतियाती कदम यात्रियों और आसपास के इलाके की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है।
यात्रियों को अब जामा मस्जिद या कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा। अधिकारियों का कहना है कि बाकी मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी और किसी अन्य लाइन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जांच एजेंसियों की कार्रवाई :
धमाके के बाद एनआईए (NIA) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मिलकर जांच में जुटी हैं। अब तक 500 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है और कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट में उपयोग किए गए विस्फोटक की उत्पत्ति और नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी हैं।
NSG, पुलिस और फॉरेंसिक टीमों ने इलाके की घेराबंदी की है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा अलर्ट जारी है। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं और एजेंसियां पूरे नेटवर्क को उजागर करने के प्रयास में हैं।
सरकारी कदम और कैबिनेट बैठक :
बुधवार शाम प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस धमाके को आतंकी हमला मानने का औपचारिक निर्णय लिया गया। बैठक में गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) भी मौजूद थे।
सरकार ने सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया है कि दोषियों तक पहुँचने और उन्हें सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाए। इसके अलावा, राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
यात्रियों और आम जनता के लिए सूचना :
DMRC ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि बाकी सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य रूप से चलेंगे, लेकिन लाल किला स्टेशन के बंद रहने से आसपास के लोगों को असुविधा हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम पूरी तरह एहतियाती और अस्थायी है।
