इन दिनों थाईलैंड में 74वीं मिस यूनिवर्स 2025 प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पिछले कई समय से ये कॉम्पिटिशन विवादों को लेकर सुर्खियों में था , एक बार फिर ये प्रतियोगिता चर्चा में आ गयी है। इस बार इस चर्चा का विषय भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा है। मनिका ने अपने अंदाज और आत्मविश्वास से सबका दिल जीत लिया है।
फुकेत के कोरा बीच रिजॉर्ट में आयोजित मिस यूनिवर्स गाला डिनर में मनिका का लुक सोशल मीडिया पर छा गया है। उन्होंने एक बेहद आकर्षक पारदर्शी गाउन पहना था, जिसे उन्होंने आखिरी समय में चुना, और यही उनका यह फैसला इंटरनेट पर तारीफों का कारण बन गया।
मनिका विश्वकर्मा अगस्त 2025 में मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद अब थाईलैंड में भारत की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रतियोगिता के दौरान वह अपने हर लुक, अंदाज और आत्मविश्वास से न सिर्फ भारतीयों बल्कि अंतरराष्ट्रीय दर्शकों का भी ध्यान खींच रही हैं।

आखिरी पल में लिया गाउन बदलने का फैसला :
मिस यूनिवर्स की टीम के सदस्य एडम जेनेटो ने 8 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें मनिका विश्वकर्मा को रैंप वॉक करते और मेहमानों का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। एडम ने कैप्शन में लिखा –
“क्या आप जानते हैं कि भारत की प्रतियोगी का गाउन आखिरी समय में बदला गया था? उन्होंने तुरंत ट्रांसपेरेंट ड्रेस का चुनाव किया, और यह फैसला शानदार साबित हुआ।”
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने मनिका के इस आत्मविश्वासी निर्णय की जमकर प्रशंसा की। कई यूजर्स ने लिखा कि वह न केवल खूबसूरत हैं, बल्कि हर परिस्थिति में सही फैसला लेने की क्षमता भी रखती हैं।
मनिका का ड्रेस और लुक बना फैशन स्टेटमेंट :
मनिका विश्वकर्मा ने इस गाला डिनर के लिए सी-थ्रू ट्रांसपेरेंट गाउन पहना था, जिसे गुलाबी, नीले, हरे, नारंगी और बैंगनी रंगों के चमकदार क्रिस्टल और सीक्विन से सजाया गया था। इस ड्रेस में स्पेगेटी स्ट्रैप, डीप नेकलाइन और फिगर-हगिंग फिट के साथ फ्लोर-टचिंग हेमलाइन थी, जिसने उनके पूरे लुक को ग्लैमरस बना दिया।
उन्होंने इस गाउन को ईयररिंग्स, ब्रेसलेट और एक स्टेटमेंट रिंग के साथ कंप्लीट किया। बालों को एक क्लासी जूड़े में बांधकर और मेकअप में स्मोकी आईशैडो, डार्क आईब्रो, कैरेमेल ब्राउन लिपस्टिक और हाइलाइटर का इस्तेमाल कर उन्होंने अपने लुक में ड्रामा और एलीगेंस दोनों का बेहतरीन संतुलन रखा।
इंटरनेट पर तारीफों की बौछार :
मनिका के इस गाउन और आत्मविश्वासी वॉक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। एक यूजर ने लिखा,
“वह बेहद स्मार्ट हैं, आखिरी समय में सही फैसला लेना हर किसी के बस की बात नहीं।”
वहीं, एक अन्य ने कमेंट किया,
“आखिरी मिनट में किया गया बदलाव — लेकिन यह उनकी सबसे खूबसूरत झलक थी।”
मनिका की यह ड्रेस अब फैशन जगत में चर्चा का विषय बन चुकी है।
विवादों में घिरा मिस यूनिवर्स 2025 :
हालांकि इस बार का मिस यूनिवर्स मुकाबला ग्लैमर के साथ-साथ विवादों से भी घिरा हुआ है। बताया जा रहा है कि मिस मेक्सिको फातिमा बॉश और मिस ग्रैंड इंटरनेशनल के अध्यक्ष नवात इत्साराग्रिसिल के बीच तीखी बहस हुई, जिससे आयोजन को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। इसके बावजूद, भारत की मनिका विश्वकर्मा अपनी ग्रेस, इंटेलिजेंस और कॉन्फिडेंस के दम पर प्रतियोगिता की प्रमुख दावेदारों में मानी जा रही हैं।
भारत की जनता की निगाहें अब थाईलैंड पर टिकी हैं, जहां मनिका विश्वकर्मा देश का नाम रोशन करने की कोशिश में जुटी हैं। अगर वह यह खिताब जीतती हैं, तो भारत को एक बार फिर से मिस यूनिवर्स क्राउन मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
