इंदौर शहर के प्रसिद्ध शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। स्कूल की केमिस्ट्री लैब में प्रयोग के दौरान अचानक एक फ्लास्क फूट गया, जिससे उसमें रखा केमिकल बच्चों और शिक्षिका पर गिर गया। हादसे में कुछ छात्रों और टीचर को हल्की जलन और खरोंचें आईं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, और मौके पर बाणगंगा थाना पुलिस पहुंची।
कैसे हुआ हादसा:
जानकारी के अनुसार, 11वीं कक्षा के छात्र केमिस्ट्री का प्रयोग कर रहे थे। उसी दौरान प्रयोग के लिए उपयोग किए जा रहे एक फ्लास्क ज्यादा गर्म होने की वजग से फट गया। जिसके बाद तेज धमाके के साथ केमिकल आसपास फैल गया, जिससे लैब में मौजूद कुछ छात्र और शिक्षिका के कपड़ो और हाथों पर छींटे गिर गए। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
स्कूल स्टाफ ने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला और पास के फर्स्ट एड सेंटर में उनका उपचार कराया। कुछ छात्रों को एहतियातन पास के अस्पताल भी ले जाया गया, जहाँ उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच शुरू :
घटना की जानकारी मिलते ही बाणगंगा पुलिस स्कूल पहुँची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटा फ्लास्क, केमिकल के अवशेष और लैब उपकरणों की जांच की। जांच में माना जा रहा है कि फ्लास्क में रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण दबाव बढ़ा, जिससे वह फट गया। शिक्षा विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन से लैब सुरक्षा मानकों की रिपोर्ट मांगी है।
स्कूल प्रशासन का बयान :
स्कूल प्रशासन ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया गया था। सभी छात्रों की स्थिति सुरक्षित है और किसी को गंभीर नुकसान नहीं हुआ है। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए लैब सुरक्षा प्रोटोकॉल को और सख्त किया जाएगा।
माता-पिता में चिंता, सुरक्षा पर उठे सवाल :
घटना के बाद कुछ अभिभावक स्कूल पहुंचे और लैब सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि बच्चों को ऐसे प्रयोगों के दौरान टीचर की सख्त निगरानी में रहना चाहिए। शिक्षा विभाग ने कहा कि यदि जांच में लापरवाही पाई गई, तो स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की जाएगी।
