भोपाल के खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक नया और आधुनिक खेल स्टेडियम बनकर तैयार हो गया है। जिसका उद्घाटन 25 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। यह स्टेडियम कोलार क्षेत्र के मुखर्जी नगर में बनाया गया है और इसका नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम रखा गया है।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने इसे भोपाल के खिलाड़ियों के लिए तोहफा बताया :
भोपाल के विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि यह स्टेडियम न केवल कोलार बल्कि पूरे भोपाल शहर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा तोहफा है। यहां पर एक साथ क्रिकेट, फुटबॉल, खो-खो, मलखंब, बास्केटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग और रॉक क्लाइम्बिंग जैसे कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह स्टेडियम इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों के लिए बनाया गया है, जिससे सभी उम्र के खिलाड़ी यहां अभ्यास कर सकेंगे।
स्टेडियम का निर्माण भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त सहयोग से किया गया है। लगभग 5 लाख लोगों की आबादी वाले मुखर्जी नगर कोलार और आसपास के इलाकों के लिए यह स्टेडियम खेल और फिटनेस का नया केंद्र बनेगा।
यह आधुनिक स्टेडियम खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर देगा। साथ ही, यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा।
भोपाल लगातार खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है, और यह स्टेडियम उस दिशा में एक और बड़ा कदम है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम न सिर्फ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और ऊर्जा भी बढ़ाएगा। यह खेल परिसर आने वाले समय में भोपाल को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख खेल हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।प्रदेश के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ने के लिए प्रदेश सरकार का ये एक प्रयास है । उम्मीद है ऐसे स्टेडियम सभी खिलाड़ियों की मनोबल मजबूत करेंगे ।
