भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब दो घंटे तक चली, जिसमें प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को देश को बधाई दी। पीएम मोदी ने टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और सभी खिलाड़ियों से बातचीत की और कहा कि उन्होंने देश की हर बेटी को प्रेरित किया है।
इस मौके पर भारतीय टीम ने प्रधानमंत्री को उनके नाम की जर्सी भेंट की, जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। पीएम मोदी ने हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर के शानदार कैच की तारीफ की, वहीं उन्होंने दीप्ति शर्मा से उनके हनुमान टैटू को लेकर भी सवाल किया। खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने पीएम से बताया कि उनका भाई मोदी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं, जिस पर प्रधानमंत्री ने उन्हें मिलने के लिए आमंत्रित किया।

पीएम मोदी ने दी खिलाड़ियों को नई जिम्मेदारी :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व विजेता बेटियों को एक नया जिम्मा सौंपा है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे देशभर में खासकर लड़कियों के बीच फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाएं। पीएम ने बढ़ते मोटापे की समस्या की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्कूलों में जाकर बच्चों को प्रेरित करें और बताएं कि मेहनत और अनुशासन से सफलता कैसे हासिल की जा सकती है। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के साथ हंसी-मजाक भी किया और उनके अनुभवों को सुना। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की यह जीत सिर्फ क्रिकेट की जीत नहीं है, बल्कि देश की बेटियों के आत्मविश्वास की भी जीत है।

विश्व कप विजेता टीम का शानदार स्वागत :
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने रविवार को नवी मुंबई में हुए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद मंगलवार को जब टीम दिल्ली पहुंची, तो खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। होटल ताज पैलेस में टीम के आगमन पर उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं और खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया। कोच अमोल मजूमदार के साथ पूरी टीम मुंबई एयरपोर्ट पर भी गर्मजोशी से स्वागत किए जाने के बाद दिल्ली रवाना हुई थी। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद खिलाड़ी अपने-अपने शहरों को लौटेंगी। वहीं शेफाली वर्मा नगालैंड में इंटर-ज़ोन टी20 टूर्नामेंट में उत्तरी क्षेत्र की टीम की कप्तानी करेंगी। जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर टीम इंडिया के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
