विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में इतिहास रचने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेगी। यह मुलाकात वर्ल्ड कप फाइनल के तीन दिन बाद मंगलवार की शाम को दिल्ली में डिनर के दौरान होगी। बता दे की भारतीय महिला क्रिकेट टीम मुंबई से दिल्ली पहुंच चुकी है। इस अवसर पर पूरी टीम उत्साहित है।

ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बताया कि टीम इस पर विचार कर रही है की प्रधानमंत्री मोदी को साइन की हुई जर्सी या बैट में से क्या भेट दी जाये । इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए लिखा कि ” यह जीत असाधारण टीमवर्क, आत्मविश्वास और कौशल का प्रतीक है तथा यह आने वाली पीढ़ियों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी”।
BCCI ने दिया 51 करोड़ का इनाम
वर्ल्ड कप जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड BCCI ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए 51 करोड़ रुपए के इनाम की घोषणा की है। साथ ही BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने इस जीत को भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल बताया और कहा कि ” महिला खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, जज्बे और टीम स्पिरिट से पूरे देश की उम्मीदों को नई ऊंचाई दी है “। बता दे की यह इनाम प्लेयर्स , सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के सदस्यों के बीच वितरित किया जायेगा।
52 रन से साउथ अफ्रीका को हराकर भारतीय टीम ने कप अपने नाम किया
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विमेंस वर्ल्ड कप अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 7 विकेट पर 298 रन बनाए, जिसमें शेफाली वर्मा ने 87, दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रनो की शानदार पारी खेली। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार 101 रन बनाए, लेकिन दीप्ति शर्मा की गेंदबाजी के आगे टिक नहीं पाईं। दीप्ति ने 5 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं, जबकि शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द फाइनल चुना गया।
