मध्य प्रदेश में महिलाओं को मिल रहा है शिक्षा और सपनों का दूसरा अवसर, एजुकेट गर्ल्स का ‘प्रगति कार्यक्रम’ बनी नई उम्मीद
इंदौर, अक्टूबर 2025।
मध्य प्रदेश के धार, बड़वानी, उज्जैन और खरगौन जिलों में महिलाओं और किशोरियों के लिए शिक्षा की नई राह खुल रही है। एजुकेट गर्ल्स संस्था अपने ‘प्रगति कार्यक्रम’ और ओपन स्कूल के माध्यम से उन महिलाओं और लड़कियों को माध्यमिक शिक्षा पूरी करने का दूसरा अवसर दे रही है, जिनकी पढ़ाई कम उम्र में शादी, बच्चों की जिम्मेदारियाँ, आर्थिक तंगी या स्कूल से दूरी जैसी परिस्थितियों के कारण अधूरी रह गई थी।
अब तक प्रदेश में 4,000 से अधिक महिलाओं और किशोरियों को चिन्हित कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा चुका है। संस्था के कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर नामांकन अभियान चला रहे हैं, आवेदन प्रक्रिया समझा रहे हैं और समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
इस साल धार और बड़वानी जिलों में 244 शिक्षण कैम्प संचालित किए जा रहे हैं, जहाँ स्थानीय महिला प्रेरक प्रतिभागियों को मार्गदर्शन, सहयोग और आत्मविश्वास दे रही हैं। इन प्रयासों ने न केवल महिलाओं को अपने अधूरे सपनों को पूरा करने की ताकत दी है, बल्कि वे अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रही हैं।
एजुकेट गर्ल्स के स्टेट ऑपरेशन्स लीड, रंजीत नाथ ने कहा:
“धार, बड़वानी, उज्जैन और खरगौन में 10वीं कक्षा में महिलाओं और किशोरियों की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि समाज अब महिलाओं की शिक्षा को गंभीरता से समझ रहा है। महिलाएँ खुद आगे बढ़ना चाहती हैं, उन्हें बस सही मार्गदर्शन और अवसर की जरूरत है। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला और किशोरी शिक्षा से सशक्त बने और अपने सपनों को साकार कर सके।”
संस्था का उद्देश्य है कि मध्य प्रदेश की हर महिला और किशोरी को माध्यमिक शिक्षा पूरी करने का अवसर मिले। इस मिशन में समाज के सभी वर्गों से अपील है कि वे इस अभियान से जुड़ें। इच्छुक महिलाएँ या किशोरियाँ 10वीं कक्षा पूरी करने के लिए इस लिंक पर नामांकन करा सकती हैं:


