इंदौर: गरबा उत्सव में ‘अश्लीलता’ का आरोप, बजरंग दल ने आधी रात को रुकवाया कॉलेज का कार्यक्रम
इंदौर। नवरात्रि पर्व पर आयोजित एक गरबा उत्सव मंगलवार रात विवादों में घिर गया। इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बरसाना गार्डन में सॉफ्ट विजन कॉलेज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अचानक पहुंचकर बीच में ही रुकवा दिया। आरोप लगाया गया कि आयोजन में फिल्मी गानों पर नृत्य हो रहा था और माहौल अशोभनीय था।
देर रात बरपा हंगामा
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार देर रात बजरंग दल को सूचना मिली कि कॉलेज का गरबा कार्यक्रम अपनी मर्यादा से हटकर हो रहा है। बजरंग दल के विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर का कहना है कि कार्यक्रम में पारंपरिक गरबा की जगह फिल्मी और अश्लील गानों पर नृत्य हो रहा था। उनका यह भी आरोप है कि आयोजन में कुछ विशेष समुदाय के युवक भी मौजूद थे। जैसे ही कार्यकर्ताओं को यह जानकारी मिली, वे भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और कार्यक्रम बंद कराने की मांग की।
पुलिस और कार्यकर्ताओं में तीखी नोकझोंक
कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की खबर मिलते ही कनाड़िया थाना प्रभारी (टीआई) सहर्ष यादव अपनी टीम के साथ बरसाना गार्डन पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस छिड़ गई। कार्यकर्ताओं ने टीआई से आयोजन की परमिशन के दस्तावेज दिखाने की मांग की, लेकिन स्पष्ट जवाब न मिलने पर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए।
एसीपी ने संभाला मोर्चा, कॉलेज स्टाफ थाने पहुंचा
मामला बिगड़ता देख एसीपी कुंदन मंडलोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस ने कॉलेज स्टाफ के कुछ सदस्यों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
आयोजकों पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कॉलेज को गरबा उत्सव आयोजित करने की अनुमति थी या नहीं। अगर अनुमति में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो आयोजकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बजरंग दल का कहना है कि उनके पहुंचने के बाद आयोजन स्थल पर मौजूद कुछ युवकों को पिछले दरवाजे से भगा दिया गया।
माहौल में तनाव
इस पूरी घटना से क्षेत्र में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस बल तैनात कर हालात पर नियंत्रण पाया गया। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।
