श्री मोहनखेड़ा तीर्थ में बृहद संभाग स्तरीय स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न
श्री आदिनाथ राजेंद्र श्वेतांबर पेढ़ी ट्रस्ट द्वारा श्री मोहनखेड़ा तीर्थ पर आयोजित बृहद संभाग स्तरीय स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन श्री राजेंद्रसूरी चिकित्सालय एवं नेत्र अनुसंधान केंद्र, श्री मोहनखेड़ा के सहयोग से किया गया। संभाग आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर धार के मार्गदर्शन में यह स्वास्थ्य शिविर हुआ, जिसमें अरविंदो मेडिकल कॉलेज, कल केयर अस्पताल, चोइथराम अस्पताल, एप्पल अस्पताल, शंकर अस्पताल एवं कंचन हॉस्पिटल राजगढ़ ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
शिविर का शुभारंभ गुरुदेव श्री राजेंद्र सूरिश्वर जी महाराज, आदिनाथ भगवान और श्री ऋषभचंद्र सूरीश्वरजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि परम पूज्य मालव भूषण श्री जीतचंद्र विजय जी महाराज और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सीएचएमओ डॉक्टर आर.के. शिंदे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंचासीन अतिथियों ने अपने उद्बोधन में स्वास्थ्य और सेवा के महत्व पर जोर दिया। गुरुदेव श्री ने आशीर्वचन एवं महा मांगलिक सुनाकर शिविर में लगे चिकित्सक और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर धार ने शिविर के सफल आयोजन और उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए ट्रस्ट और चिकित्सालय को प्रशस्ति पत्र भेंट किया।
शिविर में कुल 4257 मरीजों का पंजीकरण और उपचार किया गया। इसमें 87 गर्भवती माताओं और 56 महिलाओं की सोनोग्राफी, 21 मोतियाबिंद रोगियों का ऑपरेशन हेतु चयन, 28 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान, 890 आभा आईडी और 70 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 101 ECG, 165 हृदय रोगियों की जांच, 36 मैमोग्राफी, 32 सर्वाइकल जांच, 32 स्तन कैंसर जांच, तथा 98 कार्डियोलॉजी और फिजियोथैरेपी परीक्षण किए गए। कुल 2524 महिलाओं, 1735 पुरुषों और 311 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया।
आयुष विभाग ने आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा के तहत निशुल्क औषधि वितरित की और मोटे अन्न, योग, स्वर्णप्राशन, दिनचर्या, ऋतुचर्या, पंचकर्म, सुपोषण आहार और देवारण्य योजना के महत्व पर मरीजों को मार्गदर्शन दिया। वातरोग, उदर रोग, श्वास/कास, हृदय रोग, त्वचा रोग, ज्वर, नेत्र रोग, नाक-कान-गला और स्त्री रोगों का उपचार भी आयुष विभाग द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर राजेंद्र कुमार जैन ने किया। अंत में ट्रस्ट के सभी प्रबंधकों ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर में आए मरीजों और उनके परिजनों के लिए भोजन व्यवस्था ट्रस्ट द्वारा की गई। श्री अरविंद जैन और अर्जुन प्रसाद मेहता का योगदान सराहनीय रहा।
यह जानकारी पेढ़ी ट्रस्ट के प्रबंधक श्री प्रीतेश जैन द्वारा दी गई।


