मध्य प्रदेश को मिला सोने का नया ठिकाना, कटनी में जल्द शुरू होगा खनन
कटनी/भोपाल, 23 सितंबर 2025: मध्य प्रदेश के खनिज संपदा से समृद्ध कटनी जिले ने आज एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र में स्थित इमलिया गोल्ड ब्लॉक में जल्द ही सोने का खनन शुरू होने वाला है। यह कदम न सिर्फ कटनी जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा, बल्कि मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक खनन मानचित्र पर भी स्थापित करेगा।
सोमवार को शारदेय नवरात्र के पहले दिन इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी और मुंबई की खनन कंपनी प्रॉस्पेक्ट रिसोर्स मिनरल्स के डायरेक्टर अविनाश लांडगे ने खनन लीज़ एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए
50 साल की लीज़, 14 लाख टन खनिज का अनुमान
कलेक्टर आशीष तिवारी ने बताया कि 6.510 हेक्टेयर क्षेत्र में यह खनन पट्टा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से मुंबई की कंपनी को 50 साल की लीज़ पर दिया गया है। खनिज विभाग के उपसंचालक रत्नेश दीक्षित ने बताया कि इस ब्लॉक में सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी, जिंक, सीसा और तांबा (कॉपर) जैसे अन्य महत्वपूर्ण खनिज भी पाए जाते हैं।
भूगर्भशास्त्रियों की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इमलिया गोल्ड ब्लॉक में लगभग 14 लाख टन खनिज मौजूद होने का अनुमान है। कंपनी ने खनन के लिए जरूरी मशीनरी लगाने का कार्य शुरू कर दिया है, जिससे जल्द ही खुदाई का काम भी शुरू हो सकेगा।
कटनी के लिए नया आर्थिक आधार
इस खदान के संचालन से कटनी जिले को कई आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलेंगे। खनन परियोजना से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और खनन से प्राप्त राजस्व से विकास कार्यों में तेजी आएगी।
कर्नाटक के बाद अब मध्यप्रदेश का नाम
भारत में सोने के खनन के लिए अब तक मुख्य रूप से कर्नाटक को जाना जाता था। लेकिन अब मध्यप्रदेश का कटनी जिला भी राष्ट्रीय सोने के खनन मानचित्र में शामिल हो गया है। इमलिया गोल्ड ब्लॉक के सफल संचालन से मध्यप्रदेश को न केवल आर्थिक लाभ होगा, बल्कि यह राज्य खनिज संपदा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान भी बना पाएगा।
इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही कटनी जिले की अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी और यह मध्यप्रदेश को खनिज संपदा में अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल करने का का

