इंदौर से पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री रवाना, एनजीओ महासंघ और राधे राधे फाउंडेशन की बड़ी पहल
इंदौर, 19 सितम्बर 2025।
पंजाब के अमृतसर ज़िले में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए मध्यप्रदेश एनजीओ महासंघ और राधे राधे फाउंडेशन ने इंसानियत की मिसाल पेश की है। दोनों संगठनों ने मिलकर राहत सामग्री का एक बड़ा काफिला इंदौर से रवाना किया।
इस राहत काफिले में ग्रामीणों की बुनियादी ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए राशन, जीवनरक्षक दवाइयाँ, कपड़े, कंबल, बिस्किट, पैकेज्ड पानी की बोतलें और पशुओं के लिए दवाइयाँ शामिल की गई हैं। ट्रकों में लदी यह सामग्री सीधे अमृतसर ज़िले के रामदास-अजनाला बेल्ट के करीब 20 बाढ़ग्रस्त गांवों तक पहुंचाई जाएगी।
सबसे ज्यादा प्रभावित गांवों तक पहुंचेगी मदद
राहत सामग्री घोनेवाल, मच्हीवाला, गहोनीवाल, निशोके, पाण्डजीराईवाला, गुर्मराई, रुरेवाल, दरिया मुसा, मलाकपुर, गिल्ला वाली, बेदी छनना, कोट राजादा, चहारपुर, कामीरपुरा, बल लभे दरिया और साहोवाल समेत उन गांवों तक भेजी जा रही है, जो रावी नदी के धुस्सी बांध टूटने से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
प्रस्थान अवसर पर मौजूद रहे समाजसेवी
इंदौर से राहत सामग्री रवाना करते समय शहर के कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक मौजूद रहे। इस अवसर पर योगेंद्र महंत, संतोष मीणा, दिनेश गंगवाल, मुक्तांश जैन, प्रभात अग्रवाल सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
राहत वितरण की जिम्मेदारी
महासंघ के अध्यक्ष शशि सातपुते ने जानकारी दी कि महासंघ के कार्यकर्ता श्रेयांश जैन, रविन्द्र जाधव, विकास पवार, विनय परमार, आर्यन और ललित सातपुते अमृतसर पहुंचकर ज़रूरतमंदों को राहत सामग्री वितरित करेंगे।
एनजीओ महासंघ और राधे राधे फाउंडेशन की पहल सराहनीय
बाढ़ प्रभावित इलाकों में मानवीय संकट को देखते हुए इंदौर से रवाना हुआ यह राहत काफिला बड़ी राहत साबित होगा। स्थानीय लोग और समाजसेवी संस्थाएं इस पहल को सराह रहे हैं।


