पीएम मोदी के दौरे को लेकर हाई अलर्ट, आईजी उमेश जोगा ने की अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग
उज्जैन (Madhya Pradesh News): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 17 सितंबर को मध्यप्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे धार जिले (Dhar District) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी की सुरक्षा व्यवस्था (PM Modi Security) को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने विशेष निर्देश दिए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। उज्जैन जोन के आईजी उमेश जोगा (IG Umesh Joga) ने भी अधिकारियों की हाई लेवल मीटिंग ली, जिसमें उज्जैन रेंज के डीआईजी नवनीत भसीन (DIG Navneet Bhasin) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
होटल और धार्मिक स्थलों पर रहेगी पैनी नजर
पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। उज्जैन, देवास, आगर मालवा समेत सभी जिलों में होटल, लॉज, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और किराएदारों की जांच के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर, आगर मालवा के बगलामुखी माता मंदिर और देवास के चामुंडा माता मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
त्योहारों को देखते हुए बढ़ी चौकसी
आईजी उमेश जोगा ने कहा कि आने वाले समय में नवरात्रि के दौरान गरबा पंडाल, रावण दहन और दीपावली जैसे त्योहार मनाए जाएंगे। ऐसे में सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और शांति समिति की बैठकों के जरिए स्थानीय स्तर पर सुरक्षा प्रबंधन मजबूत किया जाएगा।
असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
आईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपहरण, लूट, डकैती और संपत्ति अपराध से जुड़े मामलों पर तुरंत कार्रवाई हो। साथ ही संदिग्धों को चिन्हित करने का अभियान चलाया जाए। रोड गश्त और पेट्रोलिंग को बढ़ाने के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने 1 जनवरी से 31 अगस्त 2025 तक दर्ज हत्या, लूट, डकैती, एनडीपीएस एक्ट और महिला व नाबालिगों से संबंधित अपराधों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

