मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिले बलरामपुर जिले के 26 चयनित अग्निवीर, CM ने बढ़ाया उत्साह
रायपुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के 26 चयनित अग्निवीरों ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार और जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई और सफलता का मंत्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि अग्निवीर योजना (Agniveer Yojana) युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर देशसेवा का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति ही सफलता की कुंजी है।
“मुझे विश्वास है कि आप सभी सेना में शामिल होकर देश की सीमाओं की रक्षा करेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगे,” – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
26 अग्निवीरों की सूची
बलरामपुर जिले से चयनित 26 अग्निवीरों में शामिल हैं –
पिंकू पैकरा, जिन्दल, विकाश पैकरा, प्रकाश सिंह, खेल साय, आर्यन, देव नंन्दन पन्ना, नरेन्द्र यादव, रंजीत केरकेट्टा, रमेश पैकरा, प्रियांशु, सनोज, निकिता नरसिंह, शशि किरण, सोहन लाल, महेन्द्र पैकरा, मिथलेश पैकरा, छोंटू, बज्जू पैकरा, पंकज, विवेक पैकरा, विधायक पैकरा, किशुन पैकरा, सोभनाथ पैकरा, अमित कुजूर और एंजेल लकड़ा।
नि:शुल्क प्रशिक्षण का बड़ा योगदान
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को नि:शुल्क सेना भर्ती प्रशिक्षण दिया, जिसके परिणामस्वरूप 30 में से 26 युवा अग्निवीर भर्ती में सफल हुए। मुख्यमंत्री ने इसे समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी कार्य बताया।
बलरामपुर जिले की बड़ी उपलब्धि
इस उपलब्धि से बलरामपुर जिले का नाम रोशन हुआ है। ग्रामीण और आदिवासी अंचलों से आए ये युवा अब सेना में शामिल होकर देश की सीमाओं पर तैनात होंगे। यह सफलता न केवल युवाओं के लिए बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गौरव की बात है।
